April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

वादियों के बीच पति की लाश के पास बैठी नई दुल्हन… पहलगाम आतंकी हमले की दिल कचोटने वाली तस्वीर, शव दिल्ली से करनाल रवाना

वादियों के बीच पति की लाश के पास बैठी नई दुल्हन… पहलगाम आतंकी हमले की दिल कचोटने वाली तस्वीर, शव दिल्ली से करनाल रवाना

एनसीआई@नई दिल्ली

पहलगाम के बैसरन में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए बड़े आतंकी हमले से पूरे देश में आक्रोश के साथ शोक की‌ लहर भी है। इस कायराना-शैतानी वारदात में अभी तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सप्ताह भर पहले ही शादी के बंधन में बंधे हरियाणा के करनाल निवासी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल हैं। उनका शव बुधवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। विनय के शव से लिपटकर उनकी पत्नी हिमांशी रोने लगीं। इस दौरान उन्होंने कहा- आई एम प्राउड ऑफ यू। जितने भी दिन साथ में गुजारे, वो बेस्ट थे। मैं कैसे जिऊंगी? कैसे रहूंगी? फिर हिमांशी ने विनय को सेल्यूट करते हुए जय हिंद कहा। इस दृश्य को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। 16 अप्रेल को ही लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और हिमांशी की शादी हुई थी।

 

नौसेना प्रमुख ने दी श्रद्धांजलि 

विनय की पार्थिव देह को दिल्ली से करनाल के लिए रवाना कर दिया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिजनों के अलावा नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने भी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके अलावा एयर चीफ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी नरवाल को श्रद्धांजलि दी है।

हर किसी को रुला दिया 

इससे पहले मंगलवार को पहलगाम में आतंकी हमले में काल का ग्रास बने विनय के शव के पास बैठी उनकी पत्नी की वायरल हुई तस्वीर ने हर किसी की आंखों को नम कर दिया था। इस आतंकी वारदात में अभी तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

विनय नरवाल और उनकी पत्नी मिनी स्विट्जरलेंड कही जाने वाली पहलगाम की बैसरन घाटी में आगामी जीवन के न जाने कितने खूबसूरत सपने संजोए आए होंगे, मगर खौफनाक साजिश ने सब चकनाचूर कर दिए।

शादी, पग फेरे और फिर रिसेप्शन के बाद इस नव दम्पती ने हनीमून के लिए कश्मीर जाने का फैसला किया था। ऐसे में विनय के शव के पास बैठी उनकी नई दुल्हन चेतना शून्य सी नजर आ रही हैं। पथराई हुई सी बैठी हैं। चेतना लौटने पर सोचा होगा, उनका गुनाह क्या था?

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.