एनसीआई@बूंदी
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने जिले में बिजली चोरों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। आज शुक्रवार को तालेड़ा और केशवरायपाटन क्षेत्र में सतर्कता टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर बिजली चोरी के 36 मामले पकड़े। इन पर करीब 6.97 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दूसरी ओर, जिलेवासियों को गुणवत्तापूर्ण बिजली मुहैया कराने के लिए 33/11 केवी मांगली जीएसएस पर 2.60 मेगावाट क्षमता का नया सोलर प्लांट भी शुरू किया गया है। इससे 20 गांवों में वोल्टेज की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
अधीक्षण अभियंता (एसई) आरके बैरवा के निर्देशानुसार जिले में यह दोहरी कार्रवाई और विकास कार्य किए गए हैं। एक तरफ जहां बिजली चोरों में हड़कम्प मचा रहा, वहीं ग्रामीणों को ग्रीन एनर्जी की बड़ी सौगात मिली है। विद्युत चोरी पर लगाम लगाने के लिए नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में सतर्कता (विजिलेंस) टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने विद्युत चोरी निरोधक थाना पुलिस के भारी जाप्ते के साथ उपखंड तालेड़ा और केशवरायपाटन के विभिन्न इलाकों में अचानक दबिश दी।
दो सतर्कता दलों ने की कार्रवाई
इस योजनाबद्ध कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कम्प मच गया। प्रथम सतर्कता दल ने 16 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी और वीसीआर (VCR) भरी, जिन पर लगभग 2 लाख 97 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। द्वितीय सतर्कता दल ने 20 मामले पकड़े, जिन पर करीब 4 लाख रुपए जुर्माना आंका गया है। इस तरह कुल 36 मामलों में डिस्कॉम ने 6 लाख 97 हजार रुपए पेनल्टी लगाई है।
नया सोलर पावर प्लांट भी शुरू, 20 गांवों को लाभ
जिले में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के तहत 33/11 केवी मांगली जीएसएस पर 2.60 मेगावाट का नया सोलर पावर प्लांट सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इस प्लांट के ग्रिड से जुड़ने के बाद इलाके में वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान हो गया है। इस परियोजना से 4 ग्राम पंचायतों के अधीन आने वाले करीब 20 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। अब दो ब्लॉक आवर की बिजली सप्लाई में उपभोक्ताओं को भरपूर और स्थिर वोल्टेज मिलेगा।
बिजली चोरी बर्दाश्त नहीं
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि डिस्कॉम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध और अच्छी क्वालिटी की बिजली देना है। इसके लिए नए सोलर प्लांट जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जा रहे हैं, लेकिन, बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपभोग करें। यदि कोई बिजली चोरी करते पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माने के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चोरी रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
