एनसीआई@बीकानेर
बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल से बुधवार को हुई मारपीट मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता मोहित अरोड़ा के खिलाफ मारपीट और SC-ST एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मोहित व उसके पिता पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
फिलहाल मोहित फरार है और वीडियो जारी कर अपनी सफाई देने की कोशिश कर रहा है। उसका कहना है कि उसका टिकट चोरी हुआ है। उसके पास इसके सबूत के रूप में कांग्रेस नेताओं के ऑडियो हैं।
एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- मामले में अब तक 4 युवकों को डिटेन किया गया है। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में मदन गोपाल मेघवाल ने बुधवार रात मामला दर्ज करवाया था। इसमें मोहित अरोड़ा पुत्र दीपक अरोड़ा सहित अन्य के खिलाफ मारपीट और SC-ST एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि मोहित अरोड़ा और उसके साथ आए युवकों ने उन्हें (मदन गोपाल मेघवाल) थप्पड़ और मुक्के मारे। भागते हुए कुर्ता भी फाड़ दिया। आरपीएस अधिकारी अरविंद कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं।
वीडियो में बोला- मेरा टिकट चोरी हो गया
मोहित अरोड़ा ने इस मामले के बाद अपने 2 अलग-अलग वीडियो जारी कर सफाई देने की कोशिश की है। उसने एक वीडियो में आरोप लगाया है कि टिकट उसके नाम से जारी हुआ था, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने मिलकर ये टिकट चोरी कर लिया और दूसरे कार्यकर्ता को दे दिया। इस मामले में पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत के साथ बातचीत का एक ऑडियो भी जारी किया है। वहीं बीकानेर पूर्व के चुनाव प्रभारी के साथ बातचीत का भी एक ऑडियो जारी किया गया है। मोहित ने एक वीडियो अपनी कार से बनाया है, जबकि दूसरा वीडियो किसी जगह बैठकर बनाया गया है। दोनों वीडियो के आधार पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। इसमें मोहित कहता नजर आ रहा है कि मैं कहीं भाग नहीं रहा हूं, मुझे फोन कर लें, मैं खुद आ जाऊंगा।
कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव ललित तुनवाल ने एक आदेश जारी कर पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा व उनके पुत्र मोहित को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पत्र में कांग्रेस शहर अध्यक्ष के साथ मारपीट में उनकी लिप्तता मानते हुए इसे अत्यंत गंभीर माना है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका की होगी जांच
मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की लिखित शिकायत है। इस शिकायत में उन्होंने बीकानेर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ पर घटना की साजिश में शामिल होने की आशंका जताई है।
इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को मामले की जांच सौंप दी है। उन्हें पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दो दिन के भीतर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि जांच में शशिकला राठौड़ की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी संगठनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, फिलहाल उनकी भूमिका आरोप और आशंका के स्तर पर है। इस मामले में शशिकला राठौड़ की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बीकानेर कांग्रेस में गुटबाजी फिर चर्चा में
इस पूरे विवाद ने बीकानेर कांग्रेस के भीतर चल रही गुटीय राजनीति को भी सामने ला दिया है। शशिकला राठौड़ को बीकानेर की मुखर कांग्रेस नेत्री के तौर पर जाना जाता है। वह इससे पहले देहात महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। जुलाई 2025 में उन्हें शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी।
स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में उन्हें पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल गुट का माना जगह जाता है। ऐसे में जिलाध्यक्ष के साथ हुई मारपीट और शिकायत में महिला कांग्रेस अध्यक्ष का नाम आने के बाद बीकानेर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा में है।
चुनावी कार्यालय के उद्घाटन में हुआ था बवाल जज
वार्ड नम्बर 50 में बुधवार को पार्टी प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। यहां मोहित अरोड़ा ने कुछ बात करने के बहाने से मेघवाल को अलग बुलाया और उनसे बात करने लगा। इस बीच उसके कुछ अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। तभी मोहित ने मेघवाल से मारपीट करनी शुरू की तो उसके साथी भी उन पर टूट पड़े। इस पर अन्य कार्यकर्ता मेघवाल को बचाने आए तो मोहित और उसके साथी भाग छूटे।
