एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इसमें बॉयज हॉस्टल संचालित था। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 10-11 जने गम्भीर घायल हैं। जो इमारत गिरी वो 40-50 साल पुरानी थी। मरने वालों में एक छात्र और एक मजदूर शामिल हैं, जबकि 3 की पहचान अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी भरा हुआ था। चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त छात्र कमरों में थे और बेसमेंट में खुदाई भी चल रही थी। इसी को हादसे का कारण माना जा रहा है। हादसे में 12 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। बिल्डिंग में हॉस्टल चलता था। बिल्डिंग के मालिक का नाम आनंद बंसल है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

मलबे में दबे एक युवक ने अपना वीडियो बनाकर शेयर किया। उसने लोगों से रेस्क्यू की अपील की। घटनास्थल पर मौजूद एक युवक ने बताया कि यह युवक उसका दोस्त है। वह बार-बार फोन करके कह रहा है कि मुझे बचा लो।
इस हादसे के कारण चारों तरफ मलबा बिखर गया। मलबे के अंदर मौजूद एक लड़के का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।लएक आदमी मलबे में दबा है। लोग उसे निकालने की कोशिश कर रहे हैं। जिस गली में यह हादसा हुआ, वह बहुत पतली है। आसपास कई ऊंची बिल्डिंग मौजूद हैं। बिल्डिंग का पूरा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया है।
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ केम्पस के पास बसा प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके में कई छात्र आवास हैं और आसपास वेंकटेश्वर कॉलेज, आर्यभट्ट कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज और मैत्रेयी कॉलेज जैसे संस्थान हैं। इसी वजह से यहां दिनभर छात्रों की आवाजाही रहती है। हालांकि, सत्य निकेतन में कुल कितने छात्र रहते हैं, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं
साल 2022 से 2025 तक यानी 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के 1133 मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई है।
सीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने कहा- दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से ज्यादा वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे। इधर, हादसे के कुछ देर बाद ही सीएम रेखा गुप्ता मौके पर पहुंच गईं थीं। वह तीन घंटे से भी अधिक समय तक यहां रहीं। राहत कार्य पर निगरानी रखी। इसी दौरान उन्होंने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए।

गृहमंत्री ने स्थगित किया कार्यक्रम
गृहमंत्री अमित शाह गोवा में पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, मगर जैसे ही उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली, उन्होंने कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
