कॉकरोच प्रोटेस्ट में शामिल होने के कारण एक्टर इमरान खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने अभिनेता के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की मांग की थी। इसके बाद अब इमरान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है।
एनसीआई@मुम्बई
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुम्बई के क्रांति मैदान में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में अभिनेता ने हिस्सा लिया था। इसके बाद अब मुम्बई पुलिस ने इमरान खान के खिलाफ 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है।
दरअसल, इमरान खान भारत के नागरिक नहीं हैं, उनके पास अमेरिका की नागरिकता है। ऐसे में इमरान पर इमिग्रेशन एक्ट की सम्बंधित धारा के तहत भारतीय नागरिक ना होते हुए भी भारत में इस तरह के प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में कार्यवाही की गई है। इमरान ने इस नोटिस की कॉपी रिसीव कर ली है।
वहीं, इस मामले में वरिष्ठ वकील माजिद मेमन का कहना है कि वह पीसफुल प्रोटेस्ट था। इसलिए पुलिस की कार्यवाही ग़लत है। दूसरी ओर, इस मामले के शिकायतकर्ता बीजेपी नेता किरीट सोमैया का आरोप है कि यह विदेशी फंडिंग से भारत में अराजकता फैलाने की साज़िश है। ऐसी साजिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे सभी विदेशी नागरिकों को बाहर किया जाएगा।
