May 13, 2024

News Chakra India

Never Compromise

लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को सुबह-सुबह बड़ा झटका लगने की आई खबर

1 min read

दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने उस समय इस्तीफा दिया, जब लोकसभा के बीच सियासी पारा चरम पर है। लवली दिल्ली में कांग्रेस और आप के गठबंधन से नाराज हैं।

एनसीआई@नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दरअसल पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में इस्तीफे की वजह बताई है। इसमें उन्होंने कहा है- दिल्ली में कांग्रेस जिस पार्टी के खिलाफ थी, लोकसभा चुनाव के लिए उसी से हाथ मिला लिया।

मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में उन्होंने कहा-दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने का फैसला किया, लेकिन मैंने इस फैसले का सम्मान किया। उन्होंने कहा, महासचिव (संगठन) के निर्देश पर, मैं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की रात सुभाष चौपड़ा और संदीप दीक्षित के साथ उनके आवास पर भी गया था, बावजूद इसके कि वे इस मामले पर मेरी स्थिति के खिलाफ थे।

लवली ने पत्र में लिखा, ये खत मैं भारी दिल से लिख रहा हूं। मैं इस पार्टी में खुद को लाचार महसूस करता हूं, इसलिए अब दिल्ली के अध्यक्ष पद पर बना नहीं रह सकता। अरविंदर सिंह लवली दिल्ली में बाहरी नेताओं कन्हैया कुमार और उदित राज को टिकट देने के भी खिलाफ हैं।

वहीं, बताया यह भी जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष लवली की दिल्ली कांग्रेस प्रभारी महासचिव दीपक बबरिया से अनबन चल रही थी। इसी के चलते उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने का फैसला लिया।

गौरतलब है कि अरविंद सिंह लवली का यह इस्तीफा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की अस्थिर सोच पर भी करारा प्रहार है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.