प्रसिद्ध अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा गिरफ्तार, पोर्न फिल्में बनाने का है आरोप
एनसीआई@मुम्बई
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा (Raj Kundra) को सोमवार रात क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच ने कई घंटों तक उनसे पूछताछ करने के बाद यह कार्रवाई की। राज कुंद्रा को क्राइम ब्रांच ने अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के जरिए प्रसारित करने के मामले में गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच ने फरवरी 2021 में मुम्बई में कुंद्रा के खिलाफ अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ ऐप्स पर दिखाने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है, वह इसके मुख्य साजिशकर्ता माने गए हैं। क्राइम ब्रांच ने उसके पास इस सम्बन्ध में पर्याप्त सबूत होने का दावा किया है।
जानिए मामला
कुछ वक्त पहले ही वेब सीरीज के नाम पर अश्लील फिल्में बनाने के रैकेट का खुलासा हुआ था, जिसमें गहना वशिष्ठ का नाम आया था। इस मामले में मुम्बई क्राइम ब्रांच के प्रॉपर्टी सेल की पुलिस ने गुजरात के सूरत से तनवीर हाशमी नाम के एक 40 साल की उम्र के शख्स को गिरफ्तार किया था।
तनवीर हाशमी ने पूछताछ में बताया था कि वह कैसे फिल्मों को अलग-अलग वीडियो ऐप्स पर डाउनलोड करने का काम किया करता था। इस मामले में उमेश कामत को भी गिरफ्तार किया गया था। उमेश कामत राज कुंद्रा की कम्पनी में मैनेजिंग डायरेक्टर है। उस वक्त ही खबरों में आया था कि वेब सीरीज के नाम पर पॉर्न सीरीज बनाने का यह रैकेट मुम्बई और गुजरात से लेकर देश-विदेश तक फैला हुआ है।
सोमवार को ही शिल्पा के पति राज को क्राइम ब्रांच की तरफ से तलब किया गया था। वैसे यह पहली बार नहीं है जब ‘हंगामा 2’ एक्ट्रेस के पति विवादों में घिरे हैं।राज इससे पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं।
इससे पहले मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे ने राज कुंद्रा और उनके सहयोगी के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में शिकायत दर्ज की थी।वपूनम ने आरोप लगाया था कि राज कुंद्रा की कंपनी ने उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया है। हालांकि राज कुंद्रा ने इस मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस कम्पनी पर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगा है, वह उन्होंने छोड़ दी है।
