सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने रोक के बावजूद आमागढ़ पर फहराया झंडा, पुलिस ने हिरासत में लिया
एनसीआई@जयपुर
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा ने रोक के बावजूद रविवार सुबह आमागढ़ दुर्ग पर मीणा समाज का झंडा फहरा दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
सांसद मीणा की चेतावनी के बाद प्रशासन ने आमागढ़ दुर्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का माकूल इंतजाम किया था, लेकिन वह अलसुबह ही अपने समर्थकों के साथ दुर्ग पर पहुंच गए। इधर, मीणा को हिरासत में लिए जाने का पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने किया विरोध किया है।
आमागढ़ दुर्ग पर भगवा ध्वज फाड़ने का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। पुलिस की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को धता बता कर राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आमागढ़ दुर्ग पर मीणा समाज का झंडा लहराया है। अपनी चेतावनी के मुताबिक उन्होंने यह कदम उठाया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में आजमगढ़ दुर्ग से ही किरोड़ी लाल मीणा सहित झंडा फहराने वाले सात लोगों को हिरासत में लिया है।
दरअसल, किरोड़ीलाल मीणा ने शनिवार को प्रशासन को चेतावनी दी थी कि हर हाल में आमागढ़ दुर्ग पर झंडा फहराएंगे। इसके बाद दुर्ग की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसके तहत 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। साथ ही 50 दंगा नियंत्रण वाहनों को लगाया गया था। एसटीएफ के 600 पुलिसकर्मियों के भी उपद्रव को रोकने के लिए मौजूद रहने का दावा किया गया था।
यह है घटनाक्रम की मूल जड़
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पहले कांग्रेस समर्थित निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा ने आमागढ़ दुर्ग से भगवा झंडा हटा दिया था। इस दौरान भगवा झंडा फाड़ भी दिया गया था। झंडा फाड़ने का आरोप रामकेश मीणा पर लगा था। इसके खिलाफ किरोड़ी लाल मीणा की अगुवाई में हिन्दूवादी संगठन पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। साथ ही फिर से भगवा ध्वज लगाने की मांग कर रहे थे। किरोड़ी लाल मीणा ने आज दुर्ग पर झंडा फहराने की चेतावनी दे रखी थी। दूसरी तरफ रामकेश मीणा और उनके समर्थकों ने झंडा नहीं लगाने देने की चेतावनी दी थी।
छापामार तरीके से समर्थकों के साथ पहाड़ी पर पहुंचे
तनाव को देखते हुए दुर्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया था. लेकिन किरोड़ी लाल मीणा छापामार तरीके से अपने समर्थकों के साथ पहाड़ी पर पहुंचे और मीन भगवान का झंडा फहरा दिया। वहीं, पुलिस ने मीणा समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर उन्हें दुर्ग से नीचे उतारा. अब आमागढ़ पहाड़ी स्थित किले पर पुलिस का पहरा है।
इधर, आमागढ़ दुर्ग पर मीणा को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने ट्वीट कर मीणा को रिहा किए जाने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, ‘आमागढ़ किले के मामले में धर्म के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस को करारा जवाब देने वाले डॉ. किरोड़ी लाल मीणा जी की गिरफ़्तारी निंदनीय है। डॉ.मीणा को तुरंत रिहा किया जाये।’
Related News
सांसद मीणा रिहा, समर्थकों में खुशी की लहर, बताई आगे की रणनीति
