April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

टीचर की पिटाई से 13 वर्षीय बालक की मौत: होमवर्क करके नहीं लाया तो जमीन पर पटक-पटक कर मारा

टीचर की पिटाई से 13 वर्षीय बालक की मौत: होमवर्क करके नहीं लाया तो जमीन पर पटक-पटक कर मारा

गणेश (फाइल फोटो)

गणेश के पिता ओम प्रकाश

एनसीआई@चूरू

सालासर थाने क्षेत्र के कोलासर गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल के अध्यापक ने सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर डाली। इससे बुरी तरह घायल हुए इस बालक ने दम तोड़ दिया। बालक का कसूर सिर्फ इतना था कि वह होमवर्क करके नहीं लाया था। यह घटना बुधवार दोपहर की बताई गई है। यह स्कूल आरोपी शिक्षक के पिता का ही है।

आरोप हैं कि होमवर्क करके नहीं लाए गणेश को आरोपी टीचर मनोज ने जमीन पर पटक-पटकर लात-घूसों से बुरी तरह मारा। इससे बालक के कई जगह चोटें आईं व नाक से खून बहने लगा। इसके बाद वह बेहोश हो गया। बच्चे के होश में नहीं आने पर आरोपी टीचर ही उसे अस्पताल लेकर गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनोज को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

सालासर थानाधिकारी संदीप विश्नोई ने बताया कि कोलासर गांव के रहने वाला 13 साल के गणेश की इस घटना में मौत हो गई है। उसके पिता ओम प्रकाश की रिपोर्ट पर आरोपी टीचर मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

15 दिन पहले पिता से की थी टीचर की शिकायत

पुलिस को पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उसका बेटा गणेश सुबह स्कूल गया था। इसके बाद करीब सवा नौ बजे स्कूल के टीचर मनोज का फोन आया। उसने कहा कि गणेश होमवर्क करके नहीं आया था। पिटाई करने पर वह बेहोश हो गया। बच्चे को अस्पताल लेकर जा रहे हैं। इस पर पिता अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। गणेश ने 15 दिन पहले भी पिता से टीचर की शिकायत की थी। बच्चे बताया था कि टीचर मनोज उससे बेवजह मारपीट करता है।

सिर, आंख और मुंह पर चोट के निशान

पिता ओम प्रकाश ने बताया कि गणेश के सिर,आंख और मुंह पर चोट के निशान हैं। थानाधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया कि स्कूल आरोपी टीचर के पिता का ही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।‌ गणेश  तीन भाई-बहनों में मंझला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.