आगरा में सफाईकर्मी की मौत के बाद सियासी बवाल, परिजनों से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया
एनसीआई@आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा में कथित तौर पर पुलिस हिरासत में वाल्मीकि समाज के युवक की मौत के बाद जबरदस्त हंगामा हो रहा है। मृतक के परिवार से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आगरा में एक्सप्रेस वे पर हिरासत में लिया गया, हालांकि करीब 2 घंटे बाद उन्हें आगरा जाने की इजाजत दे दी गई।
आरोप है कि अरुण कुमार नाम के सफाईकर्मी की पुलिस हिरासत में पिटाई से मौत हुई है। इसे पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। यहां बड़ी बात यह है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं, इसलिए विपक्षी पार्टियों को भी यह एक और बड़ा मुद्दा मिल गया है।
इस मुद्दे पर पहले प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ”अरुण वाल्मीकि की मृत्यु पुलिस हिरासत में हुई। उनका परिवार न्याय मांग रहा है। मैं परिवार से मिलने जाना चाहती हूं। यूपी सरकार को डर किस बात का है? क्यों मुझे रोका जा रहा है।” वहीं हिरासत से पहले मीडिया से बात करते हुए प्रियंका ने उन्हें रोके जाने के सवाल पर कहा कि इसके लिए पुलिसकर्मी भी शर्मिंदा हैं। ये कह रहे हैं कि युवक की अंतिम क्रिया हो जाने के बाद जाने दिया जाएगा। इसके बाद जब प्रियंका गांधी डीएसपी की गाड़ी में बैठने लगीं तो कांग्रेस कार्यकर्ता उसके आगे लेट गए।
