आर्यन खान की जमानत पर एनडीपीएस की विशेष अदालत ने यह दिया फैसला
एनसीआई@मुम्बई
एनडीपीएस की विशेष अदालत ने आज भी क्रूज ड्रग पार्टी मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान सहित उनके दोनों साथी अरबाज खान और मुनमुन धामेचा की जमानत अर्जी खारिज कर दी। यह इनके लिए बहुत बड़ा झटका है। मुम्बई क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन की बेल अर्जी पिछले कई दिन से अगली तारीख पर टाल दी जा रही थी। 14 अक्टूबर को सेशंस कोर्ट में जज ने वकीलों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज फैसला आने के बाद आर्यन खान के वकील ने कहा कि अभी अदालत ने फैसले का केवल ऑपरेटिव पार्ट सुनाया है। इसकी कॉपी मिलने के बाद हाईकोर्ट में जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि आर्यन इस वक्त आर्थर रोड जेल में बंद हैं। 14 अक्टूबर की सुनवाई के बाद न्यायाधीश वीवी पाटील ने जमानत अर्जी पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज भी सुनवाई के दौरान आर्यन खान केस को देख रहे सीनियर एडवोकेट अमित देसाई, वकील सतीश मानशिंदे और शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी कोर्ट में मौजूद रहे। इनके अलावा जूनियर वकील भी स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट पहुंच चुके हैं। सीनियर वकील अमित देसाई आर्यन खान का केस लड़ रहे हैं। जज वीवी पाटिल ने आर्यन की जमानत पर फैसला सुनाया है।
उभरती एक्ट्रेस संग नशे को लेकर आर्यन के चेट्स
इस बीच मेरी एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार क्रूज ड्रग पार्टी केस में आर्यन खान के साथ बॉलीवुड की एक उभरती हुई एक्ट्रेस की चेट भी एनसीबी को मिली है। चेट्स में नशे को लेकर बातचीत हो रही थी। कोर्ट में बहस के दौरान एनसीबी की टीम ने आरोपियों के जो चेट्स अदालत को सौंपे हैं, उनमें आर्यन के साथ इस एक्ट्रेस की चेट्स भी शामिल हैं। इसके अलावा आर्यन के कुछ ड्रग पेडलर के साथ भी चेट्स अदालत को सौंपे गए थे।
दोनों पक्षों की दलीलें
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कोर्ट में आर्यन खान को जमानत ना दिए जाने के खिलाफ अपनी दलीलें पेश की थीं। कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच लम्बी बहस चली थी। एनसीबी का कहना था कि आर्यन के इंटरनेशनल ड्रग पेडलर्स संग कनेक्शन हैं। ये बड़ी साजिश है, जिसकी जांच होनी जरूरी है। आर्यन अरबाज से ड्रग्स लेते थे।
वहीं, आर्यन खान के वकील अमित देसाई ने स्टारकिड की गिरफ्तारी को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि आर्यन के पास के कोई ड्रग्स की बरामदगी नहीं हुई, ना ही एनसीबी को कोई कैश मिला। जिस शख्स ने आर्यन को पार्टी में बुलाया था वो गिरफ्तार नहीं है। आर्यन का मुनमुन धमेचा से कोई कनेक्शन नहीं है।
ऐसे हुई थी आर्यन खान की गिरफ्तारी
आर्यन खान को एनसीबी ने 2 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। मुम्बई से गोवा जा रहे क्रूज शिप पर होने वाली ड्रग्स पार्टी में आर्यन खान शामिल होने वाले थे। इससे पहले क्रूज शिप पर एनसीबी ने आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा समेत 8 लोगों को गिरफ्त में लिया था। हालांकि आर्यन के पास से कोई ड्रग्स नहीं मिले थे।
