गहलोत के मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने छुए केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के पैर, 61 साल के मालवीया से शेखावत हैं 7 साल छोटे
एनसीआई@बांसवाड़ा
गहलोत सरकार में जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से सार्वजनिक मंच पर पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बांसवाड़ा महाराणा प्रताप की मूर्ति अनवारण समारोह में मालवीया के गहलोत के धुर विरोधी गजेन्द्र सिंह शेखावत के इस तरह सार्वजनिक मंच पर पैर छूने से सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मालवीया उम्र में गजेन्द्र सिंह से बड़े हैं। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह की उम्र 54 साल है, जबकि मालवीया 61 साल के हैं। अपने से उम्र में 7 साल छोटे केन्द्रीय मंत्री से सार्वजनिक मंच पर पैर छूकर आशीर्वाद लेने के अब सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। समारोह में मालवीया ने केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री से माही केनाल प्रोजेक्ट के लिए केन्द्र से बजट मांगा। जवाब में शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार ने मांग ही नहीं की, मांग भेजेंगे तो एक हजार करोड़ भी दे दिए जाएंगे। गजेन्द्र सिंह के इस आश्वासन के बाद फिर से मालवीय ने झुककर आशीर्वाद लिया।
महाराणा प्रताप की 15 फीट ऊंची मूर्ति के अनावरण समारोह में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि थे। मालवीय विशिष्ट अतिथि थे। समारोह में यूपी के चर्चित विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैय्या व करणी सेना के सस्थापक लोकेन्द्रसिंह कालवी भी मौजूद थे।
गहलोत-शेखावत के बीच तल्ख रिश्ते
केमद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को बड़े अंतर से हराया था। सीएम अशोक गहलोत और गजेन्द्र सिंह शेखावत के बीच पिछले दो साल से लगातार तल्खी देखी जा रही है। यह तल्खी सचिन पायलट केम्प की बगावत के बाद और बढ़ गई। सीएम गहलोत ने गजेन्द्र सिंह शेखावत पर सरकार गिराने के षड़यंत्र में शामिल होने के खुलकर आरोप लगाए थे। शेखावत के खिलाफ एसीबी और एससओजी में मुकदमा भी करवाया था। गजेन्द्र सिंह शेखाावत ने फोन टेपिंग के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के ओएसडी के खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच में केस कर रखा है।
