प्रशिक्षण से आत्मविश्वास, अनुशासन व सेवा भावना का होता है विकास: तेज कंवर
एनसीआई@बून्दी
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड की ओर से ग्रीष्मावकाश में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय विकास नगर में आयोजित कौशल विकास अभिरूचि केन्द्र का गुरुवार को शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तेजकंवर ने कहा कि कौशल विकास स्वावलम्बन की ओर प्रेरित करते है। उन्होंने कहा कि समय के सदुपयोग के साथ-साथ इस प्रकार के प्रशिक्षण से आत्मविश्वास, अनुशासन, सेवा भावना का विकास होता है।

तेज कंवर ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में बालिकाओं की अधिक संख्या इस बात का द्योतक है कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिल रहा है। कार्यक्रम में सहायक जिला कमिश्नर गुमानसिंह ने कहा कि बालक-बालिकाएं ऐसा कार्य करके असम्भव को भी सम्भव करती हैं। उन्होंने समाज में प्रेरणा देने वाले व्यक्तित्व का दृष्टांत देते हुए जीवन को सफलता से जोड़ने की बात कही।
सर्किल ऑर्गेनाइजर गिरिराज गर्ग ने कौशल विकास शिविर बालिका विद्यालय विकास नगर, स्काउट गाइड मुख्यालय, इन्द्रगढ़़, सीन्ता व तलवास में आयोजित केन्द्रों की गतिविधियां, प्रशिक्षण सहित स्काउट गाइड कला के बारे में बताया। बालिका विद्यालय विकास नगर में कम्प्यूटर, ब्यूटीशियन, इंग्लिश स्पोकन, सिलाई, मेहंदी, आर्ट एंड क्राफ्ट, संगीत, योग प्राणायाम इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण माही जैन, सुष्मिता कटारिया, अंजू लता, पंकज सिसोदिया, शिवचरण शर्मा, रघुनंदन शर्मा, सत्यनारायण राठौर, रतन लाल बैरवा, विशाल कसेरा व हेमंत बृजवासी द्वारा दिया जा रहा है।
