राजस्थान: गार्डन में मिले 500-500 के जले हुए नोट
एनसीआई@झुंझुनू(राजस्थान)
जिले के नवलगढ़ कस्बे में आज रविवार सुबह 500-500 रुपए के जले हुए नोट मिलने से हड़कम्प मच गया। ये नोट एक व्यक्ति के निजी गार्डन में एक थैले में भरे हुए मिले हैं। पुलिस ने इस थैले को जब्त कर मामला सुलझाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिक्षाविद् गंगाधर सुंडा ने बताया कि साइंस पार्क के पास ही उनका रोज गार्डन है। जहां हर रोज वह और उनके भाई राजेंद्रसिंह सुंडा मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। इसी क्रम में आज सुबह भी जब वे गार्डन में आए तो मुख्य रास्ते से लगते हुए इसके अंतिम छोर पर एक संदिग्ध थैला दिखा।
इस थैले को जब दोनों भाइयों ने ध्यान से देखा तो इसमें 500—500 रुपए के जले हुए नोट मिले। इस पर उन्होंने अपने परिचितों को सूचना देकर मौके पर बुलाया और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस ने आकर जले हुए नोटों वाले इस थैले को जब्त कर लिया। इसी के साथ पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार थैले में करीब 20 से 25 जले हुए नोट मिले हैं। इन्हें जलाने के बाद ही इस थैले में रखा गया और इस गार्डन में फेंक दिया। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Big Breaking:
नशे में धुत रेंज रोवर सवार लड़कियों ने मारी खड़ी कार को टक्कर, पति की मौत, पत्नी व दो बच्चियां घायल
गंगाधर सुंडा ने बताया कि वे अपने गार्डन में हर रोज सुबह आते हैं व करीब दो घंटे तक इसमें वॉक करते हैं। साथ ही पौधों की रखवाली और उनकी सार सम्भाल भी करते हैं। उन्हें पक्का याद है कि शनिवार सुबह ऐसा कोई थैला नहीं था, इसलिए सम्भावना है कि कल दिन में या फिर बीती रात को ही यह थैला यहां फेंका गया होगा। उनके गार्डन की चारदिवारी नहीं है, तारबंदी ही है।
