भ्रष्टाचार पर आक्रोश: बूंदी नगर परिषद के बोर्ड के खिलाफ भाजपाई पार्षदों ने किया प्रदर्शन, देखिये वीडियो….
एनसीआई@बूंदी
नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 से पार्षद एवं कांग्रेस नेता रोहित बैरागी को कल मंगलवार को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद राजनीतिक घमासान बहुत तेज हो गया है। बीजेपी को कांग्रेस पर हमलावर होने का एक बहुत बड़ा मुद्दा मिल गया है। इसका बड़ा कारण यह है कि पार्षद रोहित बैरागी के द्वारा शिकायतकर्ता भाजपा कार्यकर्ता त्रिभुवन सिंह से रिश्वत का एक भाग नगर परिषद के 3 कर्मचारियों के अलावा सभापति मधु नुवाल के पति भगवान नुवाल के नाम से भी मांगे जाने का आरोप सामने आया है।
भ्रष्टाचार के सामने आए इस बड़े मामले को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज बुधवार को नगर परिषद कार्यालय के बाहर परिषद के सभी भाजपाई पार्षद एकत्र हुए और कांग्रेस व इसके बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां कई पुलिसकर्मी तैनात थे, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सुरेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेसी पार्षदों द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत सभापति व कर्मचारियों के नाम पर मांगी जा रही है, जो कि सरेआम भ्रष्टाचार को संरक्षण व बढ़ावा देने का मामला है। पार्षद रोहित बैरागी को ऐसी ही रिश्वत लेते हुए ट्रेप किया
गया है। इसमें सभापति का भी नाम आ रहा है। भाजपा पार्षदों ने इसके चलते सभापति मधु नुवाल के इस्तीफे की मांग की। पार्षद मानस जैन व नवीन सिंह ने कहा कि कांग्रेसी पार्षदों के द्वारा नगर परिषद कर्मचारियों और सभापति के नाम पर रिश्वत ली गई। साथ ही आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर वाले नोटिस भी परिवादी त्रिभुवन सिंह को दिए गए। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस बोर्ड में सब मिले हुए हैं। शहर में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। वार्ड में कोई व्यक्ति निर्माण कार्य करा रहा है तो पार्षद को चाहिए कि नगर परिषद से अनुमति दिलाने का प्रयास करे, ना कि उससे रिश्वत की मांग करने लग जाए। एसीबी की कार्रवाई के बाद तो यह साफ हो गया कि सभी कांग्रेसी पार्षद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। शहर में विकास के स्थान पर भ्रष्टाचार का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। इसलिए सभापति को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
प्रदर्शन करने वालों में भाजपा शहर अध्यक्ष महावीर खंगार, नेता प्रतिपक्ष मुकेश माधवानी, भाजपा जिला प्रवक्ता निर्मल मालव, बसोली विस्तारक सौरभ वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सुनील जैथलिया, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूपुर मालव, पूर्व जिला महामंत्री रंजना जोशी, पार्षद सरोज अग्रवाल, संदीप यादव, कल्पना सेन, मनीष सिसोदिया, रमेश हाड़ा, ओम प्रकाश जांगिड़, महावीर मीणा, त्रिलोक कुमावत, बालकृष्ण सोनी, संजय शर्मा, माला भुटानी, संजय भुटानी, भावना गौतम, बबीता दाधीच, गोलू नायक, सूरज बाई बिरला, जितेन्द्र सिंह हाड़ा, जितेन्द्र सिंह आमेरा, मोहन कराड़, रोशन घेगट, दिलीप सिंह हाड़ा, लोकेश दाधीच, जमुना शंकर नट, मनफूल कराड़, मनोज गौतम, मनीष सेन आदि शामिल रहे।
