कोटा का आकाश मॉल सील, आमजन की सुरक्षा की हो रही थी अनदेखी
एनसीआई@कोटा
नगर निगम व अग्निशमन विभाग की ओर से शुक्रवार सुबह शहर के एरोड्राम चौराहा स्थित आकाश मॉल को सील कर दिया गया। मॉल के मालिकों व संचालकों की ओर से पिछले पांच साल से एनओसी नहीं ली गई थी।
अग्निशमन विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (दक्षिण) दीपक राजौरा ने बताया कि कोटा में चार मॉल हैं। इनमें से तीन मॉल संचालक तो नियमानुसार फायर उपकरण लगा कर विभाग से एनओसी प्राप्त किए हुए हैं, लेकिन आकाश मॉल के संचालकों ने पिछले पांच साल में कोई एनओसी नहीं ली। अग्निशमन विभाग ने इन्हें कई बार उसे नोटिस दिए। 2021 में ही आकाश मॉल संचालक को तीन नोटिस दिए गए थे। उसके बाद भी फायर उपकरणों को दुरुस्त नहीं किया गया तथा एनओसी प्राप्त नहीं की।
विभाग के फायर इंजीनियरों ने कई बार मॉल में आकर फायर उपकरणों की जांच की, लेकिन कोई भी सही हालत में नहीं मिला। इनके उपकरणों की ऐसी हालत थी कि फायर इंजीनियरों से ये उपकरण नहीं चले तो आगजनी या आपदा के समय आम आदमी इन्हें कैसे उपयोग कर सकता है। इस प्रकार पूरे मॉल में सुरक्षा की दृष्टि से अनदेखी की जा रही थी।
