हिंडोला पंचमी से एक माह तक झूला झूलेंगे बूंदी के आराध्य रंगनाथ जी
एनसीआई@बूंदी
सावन माह में हिंडोला पंचमी के अवसर पर बूंदी के आराध्य भगवान श्री रंगनाथ जी, श्री गोविंदा नाथ जी व श्री पीताम्बर जी सोमवार (18 जुलाई) शाम को 6 बजे से सायं 7.30 बजे तक प्रतिदिन एक माह तक झूले में विराजमान रहेंगे।

श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक व मंत्री विजय शंकर टेलर ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परम्परा के अनुरूप रावला चौक स्थित बूंदी के आराध्य श्री रंगनाथ मंदिर पर सोमवार (18 जुलाई) शाम को 6 बजे पंडित रघुनंदन राज मुखिया के द्वारा रंगनाथ जी की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान करवाकर नए वस्त्र धारण कराए जाएंगे। साथ ही आभूषणों व पुष्पों से शृंगार भी किया जाएगा। इसके पश्चात उन्हें झूले में विराजमान कर आरती उतारी जाएगी। इसी तरह श्री गोविंदा नाथ जी व श्री पीताम्बर भगवान को पंडित मुकेश शर्मा द्वारा नए वस्त्र धारण करा शृंगार कर झूले में विराजमान किया जाएगा। इनकी भी आरती उतारी जाएगी। प्रतिदिन शाम को 6 से 7:30 बजे तक श्रद्धालुओं को झूले में विराजमान भगवान के दर्शन लाभ प्राप्त होंगे। यह क्रम भादवा की पंचमी तक, एक महीने नियमित चलेगा। आयोजन से जुड़े एडवोकेट अजय नुवाल ने सभी धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि झूले में विराजमान भगवान रंगनाथ जी, गोविंद नाथ जी व पीताम्बर जी के दर्शन लाभ प्राप्त कर पुण्य कमाएं। इस दौरान प्रसाद वितरण भी होगा तथा भजन कीर्तन भी किए जाएंगे।
