April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

Reliance AGM: दीवाली तक दिल्ली-मुम्बई सहित इन शहरों में 5G सर्विस शुरू होगी, नए FMCG कारोबार का भी ऐलान

Reliance AGM: दीवाली तक दिल्ली-मुम्बई सहित इन शहरों में 5G सर्विस शुरू होगी, नए FMCG कारोबार का भी ऐलान

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 45वीं AGM आज हुई। इसमें RIL के चेयरमैन मुकेश अम्बानी ने 5G लॉन्चिंग पर बहुत बड़ा ऐलान किया। उन्होंने उत्तराधिकार प्लान को लेकर भी बड़ी बात कही है। आकाश, ईशा और अनंत अम्बानी होंगे लीडरशिप रोल में।

एनसीआई@मुम्बई

मुकेश अम्बानी ने एक तरह से अपने कारोबार का जिम्मा धीरे-धीरे नई पीढ़ी को सौंपने के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने आज सोमवार को हुई रिलायंस की 45वीं एजीएम में कहा कि वो कारोबार के अलग-अलग सेगमेंट में आकाश, ईशा और अनंत अम्बानी को बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं। इसके तहत आकाश अम्बानी को रिलायंस जियो की जिम्मेदारी दी जा रही है। ईशा अम्बानी को रिलायंस रिटेल के कारोबार की जिम्मेदारी दी जा रही है। वहीं, अनंत अम्बानी को न्यू एनर्जी कारोबार में शामिल किया जा रहा है।

गैस उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य और ग्रीन एनर्जी पर रिलायंस का फोकस

मुकेश अम्बानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज का लक्ष्य है कि गैस उत्पादन 20 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर लिया जाए। रिलायंस समूह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल भारत के विजन और मिशन को पूरा करने के लिए काम कर रहा है। रिलायंस O2C में अगले 5 सालों में 75,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। हमारा नया एनर्जी बिजनेस भारत को ग्रीन एनर्जी का शुद्ध एक्सपोर्टर बनने में मदद करेगा।‌ रिलायंस भारत को न्यू एनर्जी प्रोडक्शन में वर्ल्ड लीडर और चीन का एक भरोसेमंद ऑप्शन बनाना चाहता है। आरआईएल ने सभी सेक्टर्स में शानदार प्रदर्शन किया है।

क्लीन एनर्जी मिशन के लिए मुकेश अम्बानी के एलान

RIL चेयरमैन मुकेश अम्बानी ने कहा कि हम दुनियाभर में न्यू एनर्जी बिजनेस मॉडल फैलाने की योजना पर काम कर रहे हैं। भारत के नेट जीरो एमिशन लक्ष्य के तहत न्यू एनर्जी में भारत को ग्लोबल लीडर बनाने के लिए हम मेन्यूफेक्चरिंग इकोसिस्टम में निवेश बढ़ाएंगे। इसी प्लान के तहत सोलर पीवी मेन्युफेक्चरिंग के लिए हमने आरईसी सोलर का एक्विजिशन कर लिया है। जामनगर में आरईसी टेक्नीक पर बेस्ड हमारी 10GW सोलर पीवी सेल और मॉड्यूल फेक्ट्री में 2024 तक प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। इसकी केपेसिटी साल 2026 तक 20GW तक बढ़ जाएगी। पिछले साल मैंने जामनगर में धीरूभाई अम्बानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स की घोषणा की थी, ताकि चार गीगा फेक्ट्रियां लगाई जा सकें। आज मैं हमारी नई गीगा फेक्ट्री की घोषणा करना चाहता हूं, जो कि इसी क्लीन एनर्जी के मिशन का हिस्सा है।

रिलायंस रिटेल की ग्रोथ स्टोरी पुख्ता- ईशा अम्बानी

ईशा अम्बानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल के फिजिकल स्टोर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 200 मिलियन से ज्यादा रजिस्टर्ड ग्राहकों को सर्विस दी गई है, जो यूके, फ्रांस और इटली की सामूहिक आबादी के बराबर है। ये एक बड़ा माइलस्टोन है और कम्पनी की ग्रोथ स्टोरी को पुख्ता करता है। ईशा अम्बानी ने ये भी कहा कि रिलायंस कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के देश के 7000 शहरों में 8700 स्टोर होने जा रहे हैं।

ईशा अम्बानी ने रिलायंस रिटेल की ग्रोथ को दिखाया

ईशा अम्बानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 4.5 बिलियन विजिट दर्ज की गई हैं, जो पिछले साल की तुलना में 2.3 गुना की बढ़ोतरी दिखा रहा है। रिलायंस रिटेल के डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर हर दिन लगभग छह लाख ऑर्डर दिए जा रहे हैं। इसमें भी पिछले साल के मुकाबले 2.5 गुना ज्यादा ग्रोथ है। रिलायंस रिटेल ने 2 लाख करोड़ रुपए के टर्नओवर और 12,000 करोड़ रुपए के एबिटा का शानदार रिकॉर्ड प्राप्त कर किया है। रिलायंस रिटेल इस समय एशिया के टॉप टेन रिटेलर्स में से एक है।

इस साल नया FMCG कारोबार लॉन्च करेगी रिलायंस-ईशा अम्बानी

रिलायंस रिटेल की डायरेक्टर ईशा अम्बानी ने रिलायंस रिटेल के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल नया FMCG कारोबार लॉन्च किया जाएगा। वॉट्सएप और जियो मार्ट के बीच नया करार किया गया है। इसके तहत जियो मार्ट के लिए वॉट्सएप पे की सुविधा मिल सकेगी।

क्लाउस बेस्ड पीसी सर्विस लॉन्च करेगा रिलायंस जियो

आकाश अम्बानी ने जियो की 5जी सर्विस के बारे में बताया कि यह अल्ट्रा हाई स्पीड फिक्स्ड ब्रॉडबेंड है, जिसकी मदद से देशभर के हर क्लासरूम में हाई क्वालिटी एजुकेशनल कंटेट मुहैया कराया जा सकेगा। इसके अलावा रिलायंस जियो क्लाउड आधारित पीसी सर्विस लॉन्च करेगा। 5जी स्मार्टफोन के लिए गूगल के साथ मिलकर काम किया ही जा रहा है। इसके अलावा स्वदेशी रूप से एंड-टू-एंड 5G स्टेक डेवलप किया है, जो क्वांटम सुरक्षा जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस होगी। इसे जियो के 2000 से ज्यादा यंग इंजीनियरों ने इन-हाउस डेवलप किया है।

5जी नेटवर्क खड़ा करने में क्वॉलकॉम करेगा मदद

मुकेश अम्बानी ने ऐलान किया कि 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने में क्वालकॉम Jio की मदद करेगा और इसके लिए रिलायंस जियो और क्वॉलकॉम की साझेदारी हुई है। नेशनवाइड 5G नेटवर्क के लिए रिलायंस जियो पूरे 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगा। रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या 42.1 करोड़ से ज्यााद हो चुकी है और जियो के ग्राहक हर महीने ऐवरेज 20 जीबी डाटा का यूज कर रहे हैं, जो कि पिछले साल के मुकाबले दोगुना है।

जियो के 5जी सर्विस का ये है रोडमैप

मुकेश अम्बानी ने कहा कि जियो का 5जी सही मायने में 5जी सेवा साबित होगा। उन्होंने कहा कि केवल जियो के पास 700 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम है। जियो 5जी का कवरेज शानदार होगा। साथ ही ये 5जी सेवा देने में सबसे अफोर्डेबल होगा। उन्होंने बताया कि जियो 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश 5जी के लिए करने जा रहा है।

मुम्बई में खुलेगा Jio एक्सपीरिएंस सेंटर

रिलायंस जियो इंफोकॉम के चेयरमैन आकाश अम्बानी ने ऐलान किया है कि देश की आर्थिक राजधानी मुम्बई में जियो एक्सपीरिएंस सेंटर खुलेगा। सस्ते 5जी स्मार्टफोन पर गूगल के साथ काम जारी है। 5जी आने के बाद इसकी मदद से जियो एयर फाइबर वीडियो और गेमिंग का सम्पूर्ण अनुभव बदल देगा और इसे नेक्स्ट लेवल पर ले जाएगा।

दीवाली तक 5 शहरों में शुरू होगी जियो 5जी सर्विस

AGM में मुकेश अम्बानी ने कहा कि जियो 5जी दुनिया का सबसे बड़ा 5जी नेटवर्क होगा। शुरुआत में 5 शहरों में 5जी सेवा दी जाएगी। दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई, कोलकाता में दीवाली तक 5जी सेवा शुरू होगी। इसके बाद दिसम्बर 2023 तक पूरे देश में 5जी सर्विस पहुंचा दी जाएगी। जियो 5जी हाईस्पीड जियो एयर फाइबर का ऑफर देगा।

देश में जियो 5जी सबसे बड़ा नेटवर्क होगा

मुकेश अम्बानी ने कहा कि रिलायंस जियो के 5जी स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल फिक्स्ड ब्रॉडबेंड सर्विस के लिए किया जाएगा। टेलीकॉम इंडस्ट्री को रिलायंस जियो नई ऊंचाई पर ले जाएगा। जियो के 5जी के बाद देश में जियो 5जी सबसे बड़ा नेटवर्क होगा। इस दीवाली यानी नवम्बर 2022 तक दिल्ली-मुम्बई में 5जी सेवा दे दी जाएगी।

रिलायंस जियो का शानदार प्रदर्शन उत्साहजनक

मुकेश अम्बानी ने कहा कि रिलायंस जियो देश का नम्बर-1 डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर है। अब हर 3 में से 2 घरों में जियो फाइबर का इस्तेमाल होता है।

आरआईएल भारत का सबसे बड़ा टेक्सपेयर

मुकेश अम्बानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत का सबसे बड़ा टेक्सपेयर है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले वर्ष 2.32 लाख नौकरियां दी हैं, जो दिखाता है कि देश के विकास में रिलायंस समूह अपना भरपूर योगदान दे रहा है‌। इसमें भी रिलायंस रिटेल ने सबसे ज्यादा नौकरियां दी हैं।

अगले 25 सालों का विजन हमारे सामने

आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अम्बानी ने सभी शेयर धारकों, सहयोगियों, अधिकारियों और पार्टनर्स का स्वागत करते हुए कहा कि ये मौका बहुत खास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2 हफ्ते पहले स्वतंत्रता दिवस के दिन आजादी के अमृत महोत्सव को मनाया। साथ ही उन्होंने देश के लिए अगले 25 सालों के विजन को सामने रखा। इस प्रकार हमारे सामने भी 25 साल का विजन है।

मुकेश अम्बानी ने सभी का किया स्वागत

आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अम्बानी ने सभी शेयर धारकों, सहयोगियों, अधिकारियों और पार्टनर्स का स्वागत करते हुए कहा कि ये मौका बहुत खास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल ये एजीएम फिजिकल फॉर्म में हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.