सीएम गहलोत को कांग्रेस की हार याद दिलाने वाली कांग्रेस एमएलए दिव्या मदेरणा को मिला आदर्श युवा विधायक का सम्मान, जानें कारण
एनसीआई@जोधपुर
राजस्थान से कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा को भारतीय छात्र संसद द्वारा पुणे में आयोजित छात्र संसद में आदर्श युवा विधायक-2021 सम्मान से नवाजा गया। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को आदर्श विधानसभा अध्यक्ष का विशेष सम्मान दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जोशी और दिव्या मदेरणा गुरुवार को जयपुर से रवाना हुए थे। सम्मान मिलने पर विधायक दिव्या मदेरणा ने ट्वीट किया- ओसियां की ख़ुशबू पुणे तक पहुंची… इस ख़ुशबू का मुझे वाहक बनने का अवसर मिला। आज 12 वीं भारतीय छात्र संसद में आयोजित कार्यक्रम में आदर्श युवा विधायक सम्मान 2021 प्राप्त करते हुए मेरे मस्तिष्क में ओसियां की जनता थी। जोधपुर की कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे परसराम मदेरणा के बेटे महिपाल मदेरणा की पुत्री हैं दिव्या मदेरणा। दिव्या का जन्म 25 अक्टूबर 1984 को हुआ था, यानी दिव्या मदेरणा की उम्र करीब 38 वर्ष है।
गहलोत को दिला चुकी हैं कांग्रेस की हार की याद
सीएम गहलोत से लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के खिलाफ मोर्चा खोलने वालीं विधायक दिव्या मदरेणा तेज तर्रार विधायक मानी जातीं हैं। दिव्या मदेरणा ने हाल ही में कॉलेजों में एनएसयूआई की हार के बहाने सीएम अशोक गहलोत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिव्या मदेरणा ने सीएम गहलोत पर इशारों में तंज कसा-1998 के बाद 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। दिव्या मदेरणा के ट्वीट में सीएम अशोक गहलोत के एक बयान का जिक्र था, जो उन्होंने 2013 में कांग्रेस हार पर जोधपुर में दिया था। इसमें उन्होंने कांग्रेस की 21 सीटों की तुलना बीजेपी को पहले मिली 33 सीटों से की थी। इस ट्वीट पर दिव्या ने जवाब देते हुए लिखा-लेकिन हम 1998 के बाद कभी 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस विधायक अपने दादा परसराम मदेरणा को सीएम नहीं बनाने का दर्द नहीं भूल पाई हैं।
अक्सर सुर्खियों में रहती हैं दिव्या मदेरणा
कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा दिग्गज कांग्रेस नेता परसराम मदेरणा की पोती है। परसराम मदेरणा बड़े जाट नेता माने जाते थे। दिव्या मदेरणा को युवाओं के समक्ष लोकतंत्र को प्रचारित करने के लिए सम्मानित किया गया है। युवा विधायक के रूप में दिव्या मदेरणा ने अपने अनुभव कार्यक्रम में साझा किए। दिव्या मदेरणा की लाइफ स्टाइल को लोग खूब पसंद करते हैं।
