जोधपुर: ओम बिड़ला ने कहा-सदन में सवाल-जबाव, चर्चा संवाद ही हमारे लोकतंत्र की विशेषताएं
जोधपुर पहुंचने पर लेाकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हुआ स्वागत-सत्कार, जैन समाज के कार्यक्रम में लिया भाग
एनसीआई@जोधपुर
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने आज जोधपुर में 6 घंटे बिताए इस दौरान उन्होंने जैन समाज के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बिड़ला का एयरपोर्ट पर व सर्किट हाउस के अलावा मनोकामेश्वर मंदिर में शानदार स्वागत हुआ। भाजपा नेताओं ने भी बिड़ला का स्वागत किया।
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान बिड़ला ने कहा कि वीर दुर्गादास की भूमि पर आकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की प्रशंसा के साथ आत्मनिर्भर भारत की बात भी कही। राजस्थान में विधानसभा सत्रों पर सवाल करने पर बिड़ला ने कहा कि सभी विधानसभाएं अपनी जवाबदेही से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों व स्थापित मूल्यों पर विश्वास रखना जरूरी है। सदन में सवाल-जबाव, चर्चा-संवाद ही हमारे लोकतंत्र की विशेषता है।

शंघाई सम्मेलन पर यह कहा
बिड़ला ने शंघाई सम्मेलन में प्रधानमंत्री के शरीक होने की बात पर कहा कि हमारे प्रधानमंत्री वसुधैव कुटुम्बकम की भावना रखते हैं। इसलिए प्रधानमंत्री विश्व की चुनौतियों के समाधान के लिए सभी से चर्चा व संवाद करते हैं।
माहेश्वरी समाज ने किया अभिनंदन
बिड़ला का माहेश्वरी समाज ने भी अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा की भावना माहेश्वरी समाज को विरासत में मिली है। नई पीढ़ी को इसे और समृद्ध करना चाहिए। शाम 6 बजे मनोकामेश्वर महादेव न्यास परिसर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बिड़ला ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो त्याग, सेवा और समर्पण का भाव रखा है, वह सिर्फ अपने लिए नहीं समाज के हर वर्ग के लिए रखा है।
हर आपदा से निपटने में सक्षम
लोकसभा अध्यक्ष ने दोपहर में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के यूथ कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया। कॉन्क्लेव को सम्बोधित करते हुए बिड़ला बोले-जोधपुर का अपना महत्व है। जिस समाज में जन्म हुआ, उसका बैकग्राउंड बिजनेस का है। आजादी के बाद जो विकास कार्य हुए, उसमें जैन समाज का बहुत बड़ा योगदान है। दुनिया में कितनी भी बड़ी चुनौती आ जाए, हम हर आपदा से निपटने में सक्षम हैं।
हर देश और कम्पनियों में भारत के नौजवान
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा- दुनिया में परिवर्तन की ताकत आपने देखी है। हर देश और वहां की बड़ी कम्पनियों में भारत के नौजवान प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत में 100 साल का भारत कैसा होगा,इस विजन के साथ काम किया है।
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला दोपहर 2.15 बजे दिल्ली से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत सहित राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक सूर्यकांता व्यास,पूर्व विधायक जोगाराम पटेल, अतुल भंसाली व जिला अध्यक्ष देवेन्द्र जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे अमृतम पैलेस में आयोजित जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के नेशनल यूथ कॉन्क्लेव में पहुंचे।
बिड़ला शाम 7.40 पर सर्किट हाउस पहुचे। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं-नेताओं से मुलाकात कर रात 8 बजे मंडोर एक्सप्रेस से जयपुर के लिए रवाना हो गए।
