घास और पत्थर के पाउडर से बनाते थे नकली जीरा, क्राइम ब्रांच ने 28 हजार किलो की खेप पकड़ी, फेक्ट्री मालिक रफ्तार
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइंम ब्रांच ने नकली जीरे की एक बहुत बड़ी खेप पकड़ी है। ये नकली जीरा दिल्ली के कंझावला में एक फेक्ट्री से बरामद किया है। दिल्ली पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान फेक्ट्री के मालिक सुरेश गुप्ता (43) को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह बुध विहार फेज वन का रहने वाला है।

पत्थर के पाउडर से बनता था नकली जीरा
अधिकारियों को इस कार्रवाई के दौरान नकली जीरा बनाने के तरीके के बारे में पता लगा तो वे भी हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि ये नकली जीरा घास, जगेरी (गुड़) विनेगर और पत्थर के पाउडर का इस्तेमाल कर के बनाया जाता था। पुलिस ने बताया कि 400 बोरों से अधिक नकली जीरा बरामद किया गया है और इसका कुल वजन 28 टन है। उन्होंने बताया कि बरामद माल की कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक है। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रविन्द्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को इस फेक्ट्री के बारे में जनाकारी मिली थी। इस मामले को जन स्वास्थ्य से सम्बन्धित गम्भीर मानते हुए कार्रवाई की गई है।
कंझावला इलाके में चल रही थी अवैध फेक्ट्री
मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात को इस बात की पुष्टि हो गई थी कि गुप्ता कंझावला इलाके में अवैध फेक्ट्री चला रहा है। वह इसमें बड़े पैमाने पर नकली जीरा बना रहा है। पुलिस को इस बात की भी खबर मिली थी कि वह नकली जीरे की एक बड़ी खेप दिल्ली के बाहर भेजेगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके तुरंत बाद ही अवैध फेक्ट्री पर छापेमारी की योजना बनाई गई। उन्होंने बताया, ‘‘हमारी टीम ने कार्रवाई करते हुए सूचना वाली जगह पर छापेमारी की और इस अवैध फेक्ट्री के मालिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। वहां से 400 बोरा नकली जीरा बरामद किया गया। प्रत्येक बोरे का वजन 70 किलो था।’’
28 हजार किलो नकली जीरे के साथ कच्चा माल जब्त
इससे पहले उत्तर पश्चिमी दिल्ली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार मुसैदा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने बुधवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी की। उन्होंने कहा, ‘‘करीब 28,210 किलोग्राम नकली जीरा और कच्चा माल जब्त किया गया है। नकली जीरे का एक नमूना जांच के वास्ते लिया गया है।’’
