सरकारी अध्यापक की नौकरी से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके व्यक्ति ने जन्मदिन के दिन की आत्महत्या, दूसरी पत्नी से था परेशान
एनसीआई@कोटा
शहर के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के बसंत विहार निवासी एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने दीपावली से एक दिन पहले कल रविवार रात को अपने कमरे में पंखे के कड़े से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार उन्होंने यह कदम दूसरी पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया है। पुलिस ने आज शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

मृतक राजू शर्मा सरकारी अध्यापक थे। उनके पुत्र अविनाश शर्मा के अनुसार 20 दिसम्बर 2020 को उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद मार्च 2021 में ही उसके पिता राजू शर्मा ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी। उस महिला के पहले पति की 15 साल पहले मौत हो चुकी थी। पहले पति से उसके 17 साल का एक बेटा भी है। वह महिला कुन्हाड़ी इलाके के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक है। शादी के दो महीने बाद ही उस महिला ने राजू शर्मा के खिलाफ महिला थाने में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवा दिया था। इसके बाद घरेलू हिंसा का केस भी कर दिया। मगर कुछ समय बाद उसने दोनों मामलों में समझौता कर लिया। वह महिला मगर अपने निर्णय पर अडिग नहीं रही। उसने राजू शर्मा के खिलाफ फिर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा दिया। उसने तीसरी बार दहेज प्रताड़ना का केस कराया। इसमें भी दो माह पूर्व कोर्ट ने अपने फैसले में राजू शर्मा को बरी कर दिया था। इसके बाद से महिला उन पर उसे लेने आने का दबाव बना रही थी। दीपावली के पहले घर ले जाने का अल्टीमेटम दिया था। इस सम्बन्ध में वो राजू शर्मा के मोबाइल पर मैसेज करती थी। इससे पिता मानसिक तनाव में आ गए। इस दूसरी शादी के पांच महीने बाद अगस्त 2021 में ही सेवानिवृत्ति ले ली थी।
राजू शर्मा के पुत्र अविनाश ने बताया कि पिता की इस समस्या पर घर में चर्चा हुई थी। इस पर दीपावली के बाद बैठकर बात करना तय हुआ था। मगर इससे पहले ही उन्होंने आत्महत्या कर ली। घटना के समय अविनाश, उसकी पत्नी व दादा-दादी घर पर ही थे। आज सुबह करीब 7 बजे वह उन्हें उठाने के लिए उनके कमरे में गया तो उनका शव पंखे के कड़े से लटका हुआ मिला। उनका आज ही जन्मदिन था। उनके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने कमरे को लॉक कर दिया।
दादाबाड़ी थाना सीआई रामभरोसी ने बताया कि सुबह साढ़े 7 बजे करीब सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतार लिया गया था। मृतक के परिजनों ने शिकायत में एक महिला पर आरोप लगाया है। मामले की जांच कर रहे है।
