उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे ट्रेक पर विस्फोट, रेल लाइन क्षतिग्रस्त
उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे ट्रेक पर विस्फोट की आवाज से दहशत, पीएम मोदी ने 13 दिन पहले किया था उद्घाटन
एनसीआई@उदयपुर
उदयपुर-अहमदाबाद रेल लाइन पर शनिवार रात विस्फोट की आवाज से हड़कम्प मच गया। विस्फोट की आवाज ओडा पुल से आई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो नया ट्रेक क्षतिग्रस्त मिला। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे को दी। लोगों की इस सजगता की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
दरअसल, यह रेल लाइन 31 अक्टूबर से ही शुरू हुई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ट्रेक का उद्घाटन किया था। वहीं रविवार सुबह जिला कलक्टर ताराचंद मीणा केवड़ा की नाल स्थित ओडा रेलवे पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मामला उदयपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर सलूम्बर मार्ग पर केवड़े की नाल में ओडा रेलवे पुल की है। स्थानीय लोगों ने शनिवार रात 10 बजे के आसपास धमाके की आवाज सुनी। इसके बाद फौरन कुछ लोग तुरंत पटरी पर पहुंचे तो वहां के हालात देखकर चौंक गए। वहां रेलवे लाइन पर बारूद पड़ा हुआ था। इसके साथ ही लोहे की पटरियां कई जगह से टूटी हुई थीं। पुल पर लाइन से नट-बोल्ट भी गायब मिले। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। धमाके से करीब चार घंटे पहले इस ट्रेक से ट्रेन गुजरी थी। सूचना पर रेलवे ट्रेक पर गाड़ियों को रोक दिया गया था।
आतंकी एंगल से जांच शुरू
घटनास्थल पर राजस्थान पुलिस की एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड ने पहुंच कर जांच शुरू की। वहीं, एटीएस आतंकी साजिश के एंगल से जांच में जुटी है। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के अनुसार डेटोनेटर से पुल को उड़ाने की साजिश सामने आई है।
इस घटना के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ओडा रेलवे पुल पर रेल पटरियों को नुकसान पहुंचाने की घटना चिंताजनक है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौक पर पहुंचे और जांच शुरू की। डीजी पुलिस को घटना की तह तक जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि रेलवे को पुल के पुनर्संचालन में पूरी तरह से सहयोग किया जाएगा। घटना के बाद इस मार्ग के रेल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया गया।
