राज्य स्तरीय अंतर जिला सिविल सेवा बेडमिंटन प्रतियोगिता में बूंदी की टीम ने पहली बार पाई यह उपलब्धि
एनसीआई@बूंदी/बीकानेर
पंचम राजस्थान राज्य अंतर जिला सिविल सेवा बेडमिंटन पुरुष-महिला प्रतियोगिता 2022-23 में बूंदी की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
जिला बेडमिंटन संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजय नुवाल ने बताया कि जिला खेल अधिकारी वाईबी सिंह के निर्देशानुसार जिला बेडमिंटन संघ ने चयन ट्रायल आयोजित कर खिलाड़ियों का चयन किया था। इसमें मनीष पारीक, जगदीश सिंह हाड़ा, नवदीप सिंह सोलंकी, पीयूष जैन, सुशील सकलानी, विजय सिंह हाड़ा, दीपिका पाराशर, मीनाक्षी पाराशर, लीना नायक व अलका स्वामी का चयन हुआ था। इस टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जयपुर को पुरुष एकल में व सवाई माधोपुर, सीकर, अलवर व भीलवाड़ा जैसी मजबूत टीमों को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब बूंदी का मुकाबला मेजबान टीम बीकानेर से होगा।
विजेता खिलाड़ियों को इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए एडवोकेट नुवाल ने बताया कि बेडमिंटन संघ द्वारा स्थानीय डिस्ट्रिक्ट क्लब में सिंथेटिक बेडमिंटन कोर्ट तैयार करवा देने से खिलाड़ियों की दक्षता निखरने लगी है। यह प्रदर्शन भी उसी का परिणाम है।
