डायरेक्टर को भा गई क्लब में डिनर करते 4 वर्षीय बालक की चुलबुली मारवाड़ी बोली, दे दिया लीड रोल
एनसीआई@जोधपुर
अपने परिवार के साथ एक क्लब में डिनर कर रहे जोधपुर के 4 वर्षीय रौनव के चुलबुलेपन और इसी अंदाज में मारवाड़ी भाषा में बातें करने के तरीके ने उसे एकदम प्रसिद्धि के मुकाम पर पहुंचा दिया। अब रौनव स्टार प्लस पर आने वाले सीरियल ‘पांड्या स्टोर’ में नजर आएगा। वह सीरियल में शिव और रावी के बेटे मिट्ठू का किरदार निभाएगा।

दरअसल, जोधपुर के रौनव वासवानी का परिवार यहां नेहरू पार्क एरिया में रहता है। इसके दादा लक्ष्मण वासवानी की सोजती गेट पर साड़ियों की दुकान है। उनका बेटा जय किशन वासवानी मुम्बई के गोरेगांव में आदित्य बिरला बैंक में जॉब करता है। मार्च 2022 में ही जय किशन का ट्रांसफर मुम्बई हुआ था। इसके बाद वह परिवार के साथ वहीं शिफ्ट हो गया।
जय किशन 1 अक्टूबर को अपनी पत्नी दिया सहित परिवार के साथ वहीं गोरेगांव के एक क्लब में डिनर पर गए थे। वहां उस दिन राष्ट्रपति से सम्मानित बाल कलाकरों की पार्टी थी। परिवार इस दौरान मारवाड़ी में बातें कर रहा था। रौनव भी अपनी मस्ती में था और चुलबुले अंदाज में मारवाड़ी बोल रहा था। इस मौके पर वहां प्रोड्यूसर तेज राजपूत भी परिवार के साथ मौजूद थे। उन्होंने जय किशन को बताया कि वह भी मारवाड़ी फैमिली से हैं। साथ ही उन्होंने वहीं पर ‘पांड्या स्टोर’ सीरियल के डायरेक्टर व कास्टिंग डायरेक्टर से मुलाकात करवाई।

बच्चे की क्यूटनेस देख दिया ऑफर
डायरेक्टर और कास्टिंग डायरेक्टर दोनों को इस दौरान रौनव का चुलबुला अंदाज काफी पसंद आया। इसके चलते इन दोनों ने मौके पर ही रौनव के लिए सीरियल में काम करने का ऑफर दे दिया। इस अप्रत्याशित बात से पूरा परिवार हैरान रह गया। वह सोच में पड़ गए कि इतना छोटा बच्चा शूटिंग कैसे करेगा। लेकिन, प्रोड्यूसर ने विश्वास दिलाया कि वे उसे ट्रेनिंग दे देंगे। इसके बाद वे जय किशन के नम्बर और रौनव के फोटो ले गए।
कॉल आया-आपका बेटा लीड रोल करेगा
इस मुलाकात के एक महीने बाद जय किशन को डायरेक्टर ने कॉल किया और कहा कि वे रौनव को मौका दे रहे हैं। वह सीरियल के किरदार रावी और शिवा के बेटे मिट्ठू का किरदार निभाएगा। अचानक मिले इस ऑफर से जय किशन और रौनव की मां दिया, दोनों दंग रह गए। उन्होंने सोचा कि इतना सा बच्चा शूटिंग कैसे कर पाएगा? इस पर डायरेक्टर ने कहा कि वह सब सम्भाल लेंगे। इसके बाद रौनव की मां दिया रोज उसे फिल्मसिटी ले जाने लगी और शूटिंग शुरू हो गई।
सुबह 11 बजे निकलता है शूटिंग पर
अब रौनव सुबह 11 बजे अपनी मां के साथ शूटिंग पर जाता है और देर शाम लौटता है। वह अभी एलकेजी में पढ़ता है। वहीं उसका बड़ा भाई पनव क्लास फोर में है। दोनों गोरेगांव के सेंट जॉन यूनिवर्सल स्कूल में पढ़ रहे हैं। रौनव के लिए डायरेक्टर ने दो साल का एग्रीमेंट किया है। जय किशन की इच्छा है कि अगर वह अच्छा काम करता है तो उसे आगे भी और सीरियल मिले। शूटिंग के सेट पर रौनव ने अपने चुलबुले अंदाज से सभी का मन जीत लिया है। वहां सभी उसे पसंद करते हैं।
