April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गाड़ी के जरिए लोहे की चैन से खींच एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

गाड़ी के जरिए लोहे की चैन से खींच एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

एनसीआई@अजमेर

जिले के सुरसुरा गांव में बीती रात बदमाश बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम उखाड़ कर ले गए। इस एटीएम में साढ़े आठ लाख रुपए थे। सूचना मिलते ही रूपनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया गया। पुलिस की ओर से देर रात को ही चारों जिलों में नाकाबंदी करवा दी गई थी। इसके बावजूद बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गए। इसके दो दिन पहले भी जिले में ही करीब 31 लाख रुपए से भरा एटीएम बदमाश उखाड़ कर ले गए थे।

जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर कुछ बदमाश पहुंचे। गाड़ी के जरिए लोहे की चैन से एटीएम को बांधा और कुछ मिनटों में ही उसे उखाड़ कर गाड़ी में रखकर फरार हो गए। रूपनगढ़ थाना प्रभारी आयूब खान ने बताया कि रात को वह थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान उन्हें कंट्रोल रूम और बेंगलोर से बैंक की ओर से एटीएम चोरी करने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया गया। मौके पर सुबह स्पेशल टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में बैंक मैनेजर वारिस राज सिंह के द्वारा थाने पर शिकायत दी गई है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक मैनेजर से ली जा रही है जानकारी

थाना प्रभारी आयूब खान ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में 8 लाख 50 हजार रुपए के करीब नगदी थी। आखिर बार एटीएम में कब नगदी डाली गई, इस बारे में बैंक मैनेजर से जानकारी ली जा रही है।

4 जिलों में करवाई नाकाबंदी

थाना प्रभारी ने बताया कि एटीएम चोरी होने की सूचना मिलते ही वारदात की जानकारी अजमेर एसपी चुनाराम जाट को दी गई। एसपी चुनाराम जाट ने अजमेर सहित संभाग के चारों जिलों में देर रात ही नाकाबंदी करवा दी थी। हालांकि बदमाश गांव के रास्तों से फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। इसमें तीन बदमाश एटीएम को लोहे की चैन से बांधकर गाड़ी के जरिए उखाड़ कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार प्रारम्भिक जांच में तीन से चार बदमाशों का होना सामने आया है, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।

दो दिन पहले भी हुई थी ऐसी बड़ी चोरी

एटीएम मशीन चोरी करने वालों का गिरोह अजमेर जिले में सक्रिय है। दो दिन पहले जिले के ही अरांई थाना क्षेत्र में देर रात स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को भी बदमाशों ने पार कर लिया था। इस एटीएम में 31 लाख रुपए थे। यह वारदात भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। हालांकि पुलिस ने देर रात ही जंगल में उस एटीएम को बरामद कर लिया था। लेकिन अभी तक पुलिस इस गिरोह का सुराग नहीं लगा पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.