July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

नई व्यवस्थाओं के साथ 3 महीने बाद फिर शुरू खाटू श्याम मंदिर में दर्शन, उमड़े श्रद्धालु

नई व्यवस्थाओं के साथ 3 महीने बाद फिर शुरू खाटू श्याम मंदिर में दर्शन,  उमड़े श्रद्धालु

एनसीआई@सीकर

देशभर में विख्यात खाटू श्याम मंदिर आज से फिर खुल गया है। 85 दिनों के लम्बे इंतजार के बाद आज शाम 4.15 बजे मंदिर के पट खुले। बेसब्री से इंतजार कर रहे बाबा के भक्त शीश के दानी के दर्शन करने उमड़ पड़े।

जिले में स्थित खाटू श्याम जी मंदिर की व्यवस्थाओं में बदलाव के लिए 13 नवम्बर 2022 को इसे बंद किया था। इस दौरान करीब तीन महीने में यहां कई बदलाव कर नई व्यवस्थाएं की हैं। दावा किया गया है कि अब यहां आने वाले भक्त सुविधाजनक दर्शन कर सकेंगे। मंदिर खुलने का ऐलान होने के बाद सोमवार सुबह से ही भक्त खाटू पहुंचने लगे थे।

14 कतारों में कर सकेंगे दर्शन

श्याम बाबा के मंदिर में भक्तों की लगातार बढ़ रही संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने भक्तों को सुलभ और सुगम दर्शन करवाने के लिए मंदिर क्षेत्र में कई बदलाव किए हैं। मंदिर परिसर और बाहरी क्षेत्र में रास्तों का विस्तारीकरण किया गया है। मंदिर के अंदर सभा मंडप को हटाकर कतारों की संख्या बढ़ाई गई है। अब भक्त 14 कतारों में आसानी से दर्शन कर सकेंगे। हर भक्त को दर्शन के लिए औसतन 4 मिनट का समय मिलेगा।

22 फरवरी से होगा लक्खी मेला शुरू

यहां होली से पहले हर साल फाल्गुन माह में शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से द्वादशी तक वार्षिक लक्खी मेले का आयोजन होता है। इस दौरान देश-विदेश से 20 से 25 लाख भक्त बाबा का दर्शन करने के लिए आते हैं। इसके अलावा हर महीने शुक्ल पक्ष की एकादशी व द्वादशी को मासिक मेले का आयोजन किया जाता है। इस साल बाबा का लक्खी मेला आगामी 22 फरवरी से शुरू होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से माकूल बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

सीकर एसपी ने लिया मंदिर का जायजा

पिछले साल हुए हादसे से सबक लेकर इस साल सीकर जिला प्रशासन अलर्ट है। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए जाएंगे। 85 दिन बाद मंदिर खुलने से पहले रविवार रात सीकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति सदस्यों के साथ खाटू धाम का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आरएसी और पुलिस के जवान 2 पारियों में 12-12 घंटे ड्यूटी करेंगे। होमगार्ड की 8 घंटे की ड्यूटी के हिसाब से 3 पारी तय की है। मेले में भीड़ बढ़ने पर करीब 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.