April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

‘मोदी सरनेम’ वाले बयान पर भड़के ललित मोदी, राहुल गांधी पर मुकदमे की दी धमकी

‘मोदी सरनेम’ वाले बयान पर भड़के ललित मोदी, राहुल गांधी पर मुकदमे की दी धमकी

एनसीआई@नई दिल्ली

मोदी सरनेम पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी ने ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ब्रिटेन की कोर्ट में मामला दर्ज कराने की धमकी दी है।

ललित मोदी (59) ने उन्हें भगोड़ा कहने के लिए कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा है। उनका कहना है कि उन्हें अभी तक किसी भी मामले में दोषी करार नहीं दिया गया है।

ललित मोदी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब मोदी सरनेम वाले बयान को लेकर राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। ललित मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर खुद को दुनिया में खेल के सबसे बड़े इवेंट का आयोजक बताया, जिससे तकरीबन 100 अरब डॉलर की कमाई हुई।

राहुल को पप्पू कहते हुए यह कहा…

ललित मोदी ने ट्वीट कर कहा- ‘मैं देखता हूं हर ऐरा-गेरा और राहुल गांधी से जुड़ा हुआ शख्स बार-बार मुझे भगोड़ा कहता है, क्यों? कैसे? और कब मुझे इस मामले में दोषी ठहराया गया। मैं पप्पू उर्फ राहुल गांधी की तरह नहीं हूं, मैं एक सामान्य नागरिक हूं और ये कह रहा हूं कि ऐसा लगता है विपक्षी नेताओं के पास करने के लिए कुछ नहीं है। उनके पास या तो गलत जानकारी है या फिर वे बदले की भावना से बोलते हैं।’

ललित मोदी ने कहा, ‘मैंने राहुल गांधी के खिलाफ तुरंत यूके की अदालत में मुकदमा दर्ज करने का फैसला किया है। मुझे यकीन है कि उन्हें कुछ ठोस सबूतों के साथ आना होगा। मैं उन्हें खुद को पूरी तरह से बेवकूफ बनते देखने के लिए उत्सुक हूं।’

कांग्रेस के नेताओं की विदेशों में सम्पत्ति

मोदी ने ट्वीट में कांग्रेस के कई नेताओं को टैग करते हुए दावा किया कि इन नेताओं के पास विदेशों में सम्पत्ति है और वह इसका पता और फोटो भेज सकते हैं। ललित मोदी ने कांग्रेस नेता आरके धवन, सीताराम केसरी, मोतीलाल वोहरा और नारायण दत्त तिवारी का नाम लेते हुए कहा कि ‘कमलनाथ से पूछिए, आप सभी की विदेशों में सम्पत्तियां कैसे हैं। मैं पते और तस्वीरें भेज सकता हूं। भारत के लोगों को मूर्ख मत बनाओ कि असल लुटेरा कौन है।’

ललित मोदी ने कहा कि गांधी परिवार ये सब करता है, मानो उसे हमारे देश पर शासन करने का अधिकार हो। उन्होंने कहा कि वह भारत लौटने को तैयार हैं, लेकिन तब तक नहीं जब तक कि कठोर कानून नहीं बन जाए।

ललित मोदी ने कहा कि अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि मैंने 15 सालों में कभी एक पैसे की भी हेराफेरी की हो। यह जरूर साबित हुआ है कि मैंने दुनिया का सबसे बड़ा खेल इवेंट किया, जिससे करीब 100 अरब डॉलर की कमाई हुई।

यह था राहुल गांधी का बयान

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने मोदी सरनेम केस के मानहानि के चार साल पुराने मामले में दो साल की सजा सुनाई थी। अदालत के इस फैसले के बाद लोकसभा सचिवालय ने उनकी संसद सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत स्पीकर ने यह कार्रवाई की थी।

साल 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान कर्नाटक के कोलार में राहुल गांधी भाषण दे रहे थे। इस भाषण में राहुल ने कहा था, ‘इन सभी चोरों का उपनाम (सरनेम) मोदी क्यों है?’

राहुल गांधी के इस बयान के खिलाफ भाजपा नेता पूर्णेश मोदी ने सूरत में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। पूर्णेश मोदी सूरत पश्चिमी से बीजेपी विधायक हैं और पेशे से वकील हैं। पूर्णेश मोदी का आरोप था कि राहुल गांधी की इस टिप्पणी से पूरे मोदी समुदाय की मानहानि हुई है। इस मामले की सुनवाई सूरत की अदालत में हुई और राहुल को दो साल की सजा सुनाई गई।

भारत में भगोड़ा करार ललित मोदी

ललित मोदी को फिलहाल भारत में भगोड़ा करार दिया जा चुका है। खेल जगत को आईपीएल देने वाले ललित मोदी को लीग की शुरुआत के दो साल बाद ही 2010 में देश छोड़कर भागना पड़ा था। उनके ऊपर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे थे। वह अभी ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्लोएन स्ट्रीट पर एक लग्जरी मेंशन में रहते हैं, जो पांच मंजिला है और 7000 स्क्वेयर फीट में बना है।

ललित मोदी के हैं कई कारोबार

ललित मोदी की पर्सनल वेबसाइट और उनके ट्विटर हेंडल व फेसबुक पेज पर मौजूद जानकारी के अनुसार वह अभी मोदी एंटरप्राइजेज के प्रेसिडेंट हैं। मोदी एंटरप्राइजेज के फेमस ब्रांडों में रॉकफोर्ड व्हिस्की, मार्लबोरो सिगरेट, पान विलास पान मसाला, बीकन ट्रेवल कम्पनी, 24 सेवेन रिटेल स्टोर्स, मोदी केयर, इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड आदि शामिल हैं। कम्पनी दिल्ली में ईगो थाई, ईगो इटेलियन, ईगो 33 जैसे रेस्टोरेंट भी चलाती है। ललित मोदी की कम्पनी मोदी एंटरप्राइजेज भारत के अलावा अरब देशों, अफ्रीका और यूरोप में भी कारोबार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.