सचिन पायलट का अनशन खत्म, यह बड़ी बात कही
जनता के वादे होंगे पूरे,
हर भ्रष्टाचार की हो जांच,
राजस्थान का है दृढ़संकल्प,
सत्य पर नहीं आने देंगे कोई आंच। pic.twitter.com/ChYSHt6SAg— Sachin Pilot (@SachinPilot) April 11, 2023
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का अपनी ही सरकार के खिलाफ एक दिन का अनशन शाम करीब पौने 4 बजे उनके समर्थकों ने मिठाई खिलाकर तुड़वाया। शहीद स्मारक पर पायलट का अनशन सुबह 11 बजे शुरू हुआ था। अनशन समाप्ति के बाद पायलट ने कहा कि मैंने सिर्फ करप्शन पर कार्रवाई के उद्देश्य के लिए अनशन रखा था। यदि कोई बात संगठन की होती तो मैं संगठन से बात करता। साल भर से मैं मुख्यमंत्री से इसकी मांग कर रहा था।
पायलट ने कहा कि करप्शन के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी रही है तो कार्रवाई भी होनी चाहिए। मुझे उम्मीद है कि कार्रवाई जरूर होगी। करप्शन के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा, हम चाहते हैं कि देश और प्रदेश में स्वच्छ राजनीति हो।

यह कयास गलत साबित हुआ
पायलट भाजपा की सीएम वसुंधरा राजे के शासन में हुए घोटालों की जांच की मांग को लेकर सीएम गहलोत सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठे थे। वे सुबह अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंचे। ऐसा माना जा रहा था कि वे कोई अलग पॉलिटिकल लाइन ले सकते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसी कोई घोषणा नहीं की।
इधर, पायलट के अनशन शुरू होने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक वीडियो मैसेज जारी कर एक बार फिर मिशन 2030 की बात दोहराई। उन्होंने कहा- मैंने तय किया है कि 2030 तक राजस्थान को देश का नम्बर वन राज्य बनाना है। पायलट के अनशन के बीच मिशन 2030 की बात दोहराने के भी सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
राजस्थान के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा।#महंगाई_राहत_कैंप
An important announcement for our people in Rajasthan.#MehngaiRahatCamp pic.twitter.com/DVYUKFD9tw
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) April 11, 2023
उधर, सचिन पायलट के अनशन को लेकर दिल्ली में पवन खेड़ा ने कहा कि इस मुद्दे पर महासचिव जयराम रमेश शाम को बयान जारी करेंगे।
कांग्रेस, राहुल-सोनिया पोस्टर से गायब, रंधावा का दौरा रद्द
सचिन पायलट के धरना स्थल पर लगे पोस्टरों में न राहुल-सोनिया का फोटो लगाया गया, ना ही कांग्रेस का सिम्बल, केवल महात्मा गांधी की फोटो लगाई गई।

उधर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जयपुर दौरा रद्द कर दिया। यह भी काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। वह पायलट से बातचीत करने के लिए आज दोपहर बाद जयपुर पहुंचने वाले थे। अब वह बुधवार को जयपुर आ सकते हैं। उन्होंने कल पायलट की कार्रवाई को पार्टी विरोधी बताया था।
प्रदेश भर से पहुंचे समर्थक
पायलट ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनशन की घोषणा की थी। आज के धरने में प्रदेश भर से उनके समर्थक जयपुर पहुंचे। इससे पहले पायलट गुट के नेताओं और विधायकों ने चुनिंदा समर्थकों को जयपुर पहुंचने का मैसेज भेजा था। कांग्रेस राज में अपनी ही सरकार के खिलाफ अनशन का हाल के दो दशक में यह पहला मौका था।

गाैरतलब है कि 9 अप्रेल को पायलट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि हमने वसुंधरा सरकार पर करीब 45 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और वादा किया था कि सरकार में आने पर इनकी जांच कर कार्रवाई करेंगे, लेकिन सवा चार साल बीतने के बाद भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। मैंने दो बार मुख्यमंत्री गहलोत को इस सम्बन्ध में चिट्ठी लिखी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए कार्रवाई की मांग को लेकर मैं अनशन पर बैठ रहा हूं।
अनशन से जुड़े अपडेट्स
पायलट जब अनशन स्थल पर पहुंचे तब हम जिएंगे और मरेंगे ऐ वतन तेरे लिए…. गीत बज रहा था। पूरा पंडाल समर्थकों से भरा हुआ था। पायलट ने ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि देने के बाद में शहीद स्मारक पर अपना अनशन शुरू किया था।
सहकार मार्ग, जयपुर पर महान समाज सुधारक ज्योतिराव, गोविंदराव फुले जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/rXfCDjduxY
— Sachin Pilot (@SachinPilot) April 11, 2023
कांग्रेस प्रवक्ता अलका लाम्बा ने ट्वीट कर कहा कि पार्टी नेतृत्व ने पायलट को राजस्थान के हित में क्या है और आगे का सही रास्ता क्या है, लिखित में बता दिया है। अब जरूरी हो जाता है कि एक अनुशासित सिपाही की तरह पार्टी की बातों का सम्मान करें और पार्टी के भीतर रखें।
•पायलट के अनशन में महिला समर्थक भी थीं।

•राजस्थान के दस से ज्यादा जिलों में पायलट का असर है।
•भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता भी सचिन पायलट के अनशन में शामिल हुए।

•पायलट के अनशन में पहुंचे समर्थकों ने उनके समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी की।

•अनशन स्थल पर लगाए गए पोस्टर से सोनिया-राहुल गांधी गायब रहे, सिर्फ गांधीजी की फोटो लगाई गई थी।
आम आदमी पार्टी का मिला समर्थन
आम आदमी पार्टी ने पायलट के अनशन का समर्थन किया। पार्टी प्रभारी विनय मिश्रा ने ट्वीट किया कि, आज अगर राजस्थान को किसी ने लूटा है तो वो वसुंधरा जी और अशोक गहलोत जी का अटूट गठबंधन है। इस कारण राजस्थान पर देश में सबसे ज्यादा 5 लाख करोड़ का कर्ज है। मैं इस बात को हमेशा से कहता आ रहा हूं कि कांग्रेस और भाजपा का अटूट गठबंधन है। अब तो खुद इनके नेता कह रहे हैं कि गहलोत जी और वसुंधरा जी मिलकर सरकार बना रहे हैं। ये बेहद गम्भीर मामला है।
