April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: बिगड़ा मौसम, बिजली गिरने से एक की मौत, बारां में गिरे ओले, 10 से ज्यादा जिलों में तेज हवा-बारिश का अलर्ट

राजस्थान: बिगड़ा मौसम, बिजली गिरने से एक की मौत, बारां में गिरे ओले, 10 से ज्यादा जिलों में तेज हवा-बारिश का अलर्ट

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में आज मौसम फिर से बिगड़ गया। कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, अजमेर, जयपुर और उदयपुर संभाग के जिलों में इसका असर दिखा। आंधी चलने के साथ हल्की बारिश हुई। बारां जिले में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, राजसमंद के आमेट में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

इधर, झालावाड़ में बिजली गिरने से एक युवक गंभीर घायल हो गया, जिसका इलाज हॉस्पिटल में जारी है। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले कुछ घंटों के दौरान जयपुर ,नागौर ,जालोर, पाली समेत 10 से ज्यादा जिलों में 30-40 किलोमीटर स्पीड से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक शाम 4 बजे के बाद भीलवाड़ा, कोटा, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर सहित कई जिलों के मौसम में बदलाव हुआ। तेज स्पीड से धूलभरी आंधी चलनी शुरू हो गई।

बारां में बारिश के साथ गिरे ओले

बारां के छबड़ा व सकतपुर क्षेत्र में बुधवार शाम को तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक बारिश के साथ आसपास के कई गांवों में चने के आकार के ओले भी गिरे। ओले गिरने का सिलसिला 5 से 7 मिनट तक जारी रहा।

बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत

राजसमंद जिले के आमेट के पास आगरिया पंचायत की आगरा का वाड़ा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। शाम को अचानक 5 बजे तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने लगा। तेज बारिश के दौरान बिजली गिरी और बकरियां चरा कर अपने घर की तरफ लौट रहे लालूराम मारवाड़ा इसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बिजली गिरने से युवक घायल

झालावाड़ जिले के पनवाड़ में बिजली गिरने से एक युवक घायल हो गया। 30 साल का सद्दाम बिशनखेड़ी से चलेट सड़क पर डामरीकरण करने के लिए मशीन चला रहा था। तभी अचानक बिजली गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वह करोली जिले के टोडाभीम तहसील के गांव पदमपुरा का रहने वाला है।

अब आगे यह

जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 27 अप्रेल को जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में 40 किलोमीटर स्पीड से हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 28 से 30 अप्रेल को राज्य के सभी संभागों में तेज आंधी के साथ बारिश होने के अलावा कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कृषि मंडियों और किसानों के लिए अलर्ट जारी करते हुए फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

कृषि मंडी में गेहूं भीगा

चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 25 मिनट तक बारिश हुई। इससे कृषि उपज मंडी में किसानों के गेहूं भीग गए। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। किसानों के खुले में पड़े कृषि उपज मंडी में गेहूं की कीमत में भी कमी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.