राजस्थान: तीन आईपीएस एडीजी से डीजी पद पर पदोन्नत
एनसीआई@जयपुर
राज्य सरकार ने गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वेतन शृंखला से महानिदेशक वेतन शृंखला में पदोन्नति देने के आदेश जारी किए हैं। ये तीनों अधिकारी 1991 बैच के अधिकारी हैं। इनमें एडीजी सौरभ श्रीवास्तव भी शामिल हैं, जो तीन दिन बाद 30 अप्रेल को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। आज प्रमोट हुए दो अन्य अधिकारी भी इसी साल सेवानिवृत्त होंगे।
राजस्थान सरकार के कार्मिक (क-1) विभाग ने इस सम्बन्ध में आदेश जारी किया है। इनमें धर्मचंद जैन (डीसी जैन), ए. पोन्नूचामी और सौरभ श्रीवास्तव को भारतीय पुलिस सेवा की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वेतन शृंखला से महानिदेशक पुलिस वेतन शृंखला में पदोन्नत किया गया है। ये तीनों 1991 बैच के अधिकारी हैं और इसी साल सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सौरभ श्रीवास्तव 30 अप्रेल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि ए.पोन्नूचामी 31 मई को और डीसी जैन 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।
एडीजी से डीजी बनाए गए सौरभ श्रीवास्तव वर्तमान में एडीजी (मुख्यालय) हैं। वे इससे पहले एसीबी में एडीजी रहे हैं। इस दौरान रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए उन्होंने कई भ्रष्ट अधिकारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया था। उनके एसीबी में रहते काफी ट्रेप की कार्रवाई हुई। जबकि, धर्मचंद जैन अभी दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर हैं। ए. पोन्नूचामी का नाम वर्ष 2006 के दारिया एनकाउंटर के समय काफी चर्चा में रहा था। इस मामले में सीबीआई जांच हुई थी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। बाद में उन्हें इस मामले में बरी कर दिया गया। साल 2009 में उन्हें पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया।
