April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

छह गुना अधिक रकम चुकाने के बाद भी कर रहे थे परेशान, बिजनेसमैन ने लगा ली फांसी

छह गुना अधिक रकम चुकाने के बाद भी कर रहे थे परेशान, बिजनेसमैन ने लगा ली फांसी

एनसीआई@भरतपुर

जिले के कामां कस्बे में सूदखोरों से परेशान एक बिजनेसमैन ने अपने घर में बुधवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। उनके कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें 3 सूदखोरों (फाइनेंसर) के नाम लिखे हुए हैं। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि 1.80 लाख रुपए उधार लिए थे। इसके बदले 12.40 लाख रुपए दे चुका हूं। फिर भी सूदखोर पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। 3 लाख रुपए और मांग रहे हैं। कुछ ऐसा ही एक और सूदखोर ने किया। इससे बिजनेसमैन इतने परेशान हो गए कि उन्होंने आत्महत्या करने का तुम उठाया।

कामां कस्बे के कुटी मोहल्ले के निवासी संजीव गुलाटी (47) पुत्र चानन दास की दो शादियां हुई थीं। वह अपनी दूसरी पत्नी रजनी (38) और बेटी लवी (13) के साथ कुटी मोहल्ले में रहते थे। बुधवार रात उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी के साथ खाना खाया और सो गए। देर रात संजीव उठे और घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे में फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रजनी उठीं तो संजीव कमरे में नहीं थे। रजनी उन्हें ढूंढती हुई घर की दूसरी मंजिल पर चली गईं। वहां एक कमरे में फंदे से लटका हुआ संजीव का शव मिला। रजनी ने इसके बाद रिश्तेदारों को यह सूचना दी।

यह लिखा है सुसाइड नोट में

मैं संजीव गुलाटी पिता स्व. चानन दास गुलाटी मेरे को कुछ लोगों ने इतना परेशान कर दिया है कि मैं मजबूर होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। शेरसिंह उर्फ कल्लो निवासी कनवाड़ा जिससे 1 लाख 80 हजार रुपए लिए थे, और अब तक 12 लाख 40 हजार रुपए दे चुका हूं। अब वह 3 लाख रुपए और मांग रहा है।

सुसाइड नोट पढ़कर सुनाते पुलिस अधिकारी।
सुसाइड नोट पढ़कर सुनाते पुलिस अधिकारी।

राजेश मीणा निवासी देवी दरवाजा कामां जिससे 1 महीने पहले 44 हजार रुपए उधार लिए थे। उसने धोखे से 100 रुपए के स्टाम्प पर 2 लाख 50 हजार रुपए लिखवा लिए। श्रीमान जेलदारजी निवासी बरौली धाऊ के पास चांदी का सेहरा गिरवी रखा हुआ है। उससे दो महीने पहले 35 हजार रुपए उधार लिए थे।
मुझे माफ़ करना रजनी, लवी, दिशा, राहुल

बेटी-दामाद से भी मांगी माफी

परिजनों ने बताया कि सुसाइड नोट में संजीव ने पत्नी रजनी और बेटी लवी के अलावा दिशा और राहुल से भी माफी मांगी है। दिशा संजीव की पहली पत्नी से हुई बेटी है। राहुल दिशा का पति है। पहली पत्नी से 14 साल पहले तलाक हो गया था। इसके बाद संजीव ने रजनी से शादी की थी।

डेढ़ साल से घर पर था

पूर्व पार्षद दिलीप ने बताया कि संजीव की कामां के कुटी मोहल्ले में कोल्ड ड्रिंक्स और अंडे की दुकान थी। इससे पहले वह इलेक्ट्रिक सामान का काम करता था। पिछले डेढ़ साल से उसका काम बंद था। वह घर पर ही रहता था। प्रॉपर्टी बेच कर पैसे आए तो उससे घर का खर्च चला रहा था।

जब वह पैसा खत्म हो गया तो संजीव ने कर्ज लेना शुरू कर दिया। वह शराब पीने का भी आदी हो गया था। रजनी पार्लर चलाती है। फिलहाल घर का खर्च वही उठा रही थी। पत्नी को कर्ज लेने के बारे में पता नहीं था। कामां में पुश्तैनी मकान है।

घर के दूसरे कमरे में मिला सुसाइड नोट

घटना के बाद संजीव की बेटी को उसी कमरे में सुसाइड नोट मिला, जहां तीनों सो रहे थे। सुसाइड नोट में संजीव ने तीन फाइनेंसर्स के नाम लिखे हैं। कामां थाना अधिकारी राम किशन का कहना है कि सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया गया है। हेंड राइटिंग की जांच करवाने के लिए उसे एफएसएल में भेजा जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.