एक लाख रुपए रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार, दुष्कर्म की कोशिश के मामले में मांगी थी घूस, नहीं देने पर फंसाने की दी थी धमकी
एनसीआई@उदयपुर
उदयपुर एसीबी की टीम ने आज रविवार शाम साढ़े चार बजे करीब प्रतापनगर थाने के एएसआई सुनील विश्नोई को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। एएसआई बिश्नोई ने दुष्कर्म की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी।
इसके लिए एएसआई आरोपी को धमका रहा था। रिश्वत नहीं देने पर फंसाने की बात कर रहा था। इस पर आरोपी ने एसीबी को इस मामले की शिकायत कर दी। इस पर एसीबी ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

शिकायतकर्ता आरोपी ने शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में एएसआई को एक लाख रुपए देने के लिए बुलाया। यहां जाल बिछाकर पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया।
एएसआई ने केस ही दर्ज नहीं किया
एसीबी के एएसपी अनंत कुमार ने बताया- मामले में जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दरअसल, एक महिला ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद मामले को शिकायत में रखते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके उलट आरोपी से मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई।
पहले भी लगते रहे कार्रवाई नहीं करने के आरोप
सुनील बिश्नोई पहले सुखेर थाने में तैनात थे। तब सितम्बर 2025 में आरडीएक्स क्लब एंड बार में 6 ग्राहकों के साथ बाउंसर्स के मारपीट करने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के गम्भीर आरोप लगे थे। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने इन्हें हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटेच कर दिया था।
लाइन हाजिर हो चुके
साथ ही सुनील बिश्नोई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की थी। अक्टूबर 2025 में वापस एक अन्य मामले में लापरवाही सामने आने पर सुनील बिश्नोई को लाइन हाजिर किया गया था।
