April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

खाचरियावास ने कहा-गहलोत को दिल निकालकर दे दो, कहेंगे मजा नहीं आया, ऊपरवाला कान के नीचे देगा

खाचरियावास ने कहा-गहलोत को दिल निकालकर दे दो, कहेंगे मजा नहीं आया, ऊपरवाला कान के नीचे देगा

एनसीआई@जयपुर

राज्य‌ के केबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर विवादित बयान दिया।‌ खाचरियावास दोपहर को पिंकसिटी प्रेस क्लब में एक निजी कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- मैंने अभी गहलोत साहब को कहा, अब तो बस जान बाकी रही है। सबकी एक साथ निकालकर आपको दे दूं। एक साथ पूरी केबिनेट का दिल निकाल कर आपको दे देता हूं। फिर भी आप कहोगे कि मजा नहीं आ रहा। इंसान मर जाए फिर भी मजा ना आए, इसका तो अब मैं भी क्या कर सकता हूं। इसका कोई इलाज नहीं है।

खाचरियावास यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा- ऐसे लोगों को ऊपरवाला दो देगा कान के नीचे और कहेगा कि साइड में ले जाकर इसे मुर्गा बना। उस बेचारे ने जान निकाल कर दे दी, तेरे अब भी फर्क नहीं पड़ रहा है। यह तो नकटाई कर रहा है।

कांग्रेस-बीजेपी को रिजेक्ट कर दो

प्रताप सिंह ने कहा- मैं तो जनता से भी कहता हूं कि अगर कांग्रेस काम नहीं कर रही तो उसे रिजेक्ट कर दो। इसी तरह अगर बीजेपी काम नहीं कर रही तो उसे रिजेक्ट कर दो। कोई तीसरा या चौथा अच्छा उम्मीदवार है, उन्हें लेकर आ जाओ। डेमोक्रेसी तभी सक्सेसफुल होगी, जब पार्टी के आधार पर नहीं बल्कि काम और व्यक्ति के आधार पर जनता वोट देगी।

बीजेपी के नेता मेरे साथ पार्टियां करते हैं, अंदर से हम सब एक, जनता क्यों परेशान होती है ?

प्रताप सिंह ने कहा- मेरे से बीजेपी का एक नेता बोला- भाई साहब आप हमारी पार्टी (बीजेपी) में आ जाओ, सब ठीक हो जाएगा। मैंने उससे कहा तू तेरी पेंट संभाल ले। तुम्हारी जो सबसे बड़ी नेता है, वह मेरी खास है। तुझे तो पहचानती तक नहीं है। तुम्हारी पार्टी के सारे नेता मेरे साथ पार्टियां करते हैं, क्योंकि अंदर से तो हम सब एक हैं। बाहर जनता क्यों परेशान होती है, पता नहीं।

सभी नेता एक हैं, जनता बेवजह लड़ती है

लोकसभा में आप अंदर जाओ, नेता एक दूसरे से लड़ते हुए नजर आएंगे। शाम को अगर उन्हीं नेताओं को देखोगे तो एक साथ रोटी तोड़ते (खाना खाते) हुए नजर आएंगे, इसलिए जनता को परेशान नहीं होना चाहिए। जनता नेताओं की वजह से थड़ी पर लड़ती है। भगवान कृष्ण ने भी गीता में कहा- जो चतुर लोग होते हैं, वह राजनीति से खेलते हैं। जो मूर्ख लोग होते हैं, वह राजनीतिक चर्चा करके मित्रों से झगड़ा करते हैं।

कृष्ण ने तो सबको पटा लिया था

प्रताप सिंह ने कहा- भगवान कृष्ण के लिए कहते हैं ‘द ग्रेट कृष्ण’। इस पर मुझे ताज्जुब होता है, क्योंकि कृष्ण तो खिलाड़ी आदमी थे, उन्होंने सब को पटा लिया था। भगवान कृष्ण ने एक को भी नहीं छोड़ा था। आज आप किसी को पटा कर देखो, आपके जोरदार थप्पड़ की पड़ेगी। किसी के साथ घूमते भी दिखोगे, लोग पूछेंगे किसके साथ घूम रहा था। आप कहोगे वह मेरे साथ काम करती है, विश्वास नहीं करेंगे और आपको धक्के मार बाहर निकाल दिया जाएगा। आपकी पत्नी एक मिनट में आपका इलाज कर देगी। इसलिए कहता हूं बेवजह लड़ाई मत करो।

मेरी वाइफ ने पूछा था, क्या आप संत हो, बोलने लगता हूं तो रुकता नहीं हूं

प्रताप सिंह ने कहा- मैं पागल हूं। बोलने लगता हूं तो चुप नहीं होता हूं। मैंने अपने पीएसओ को समझा रखा है, जब 10 मिनट हो जाए तो मुझे पर्ची देकर बता देना, मैं अपनी बात खत्म कर लूंगा। मैं सनकी हूं, कई बार जब धर्म पर बोलने लगता हूं तो बोलता ही जाता हूं। एक बार मेरी वाइफ ने मुझे कहा क्या आप खुद को संत समझते हो। मैंने उससे पूछा आखिर ऐसे क्यों कह रही हो। उसने मुझे कहा आप पॉलिटिकल प्रोग्राम में भी धार्मिक बातें करके आ गए। उससे मैंने कहा- तेरा क्या ले लिया। मैं जानू और सुनने वाली जनता जाने, तू जबरदस्ती ही परेशान हो रही है। उसने कहा- क्या आप संत हो क्या। मैंने कहा हां मैं संत हूं। क्योंकि हम किसी का बुरा नहीं करते।

मैंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों का किया इलाज

खाचरियावास ने कहा- जब मैं कॉलेज में पढ़ता था, तब मैं कांग्रेस और बीजेपी दोनों का इलाज करता था। हमने तीसरी ताकत बना ली थी। हम कहते थे, दोनों नहीं चलेंगे, हम चलेंगे। लोग कहते थे पागल है। अकेले को कौन पूछेगा, लेकिन ठाकुर जी की कृपा है। आज हमको सब पूछ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.