April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने गुस्से में 3 साल के बेटे पर कुल्हाड़ी से किया वार, मासूम ने मौके पर ही तोड़ा दम

एनसीआई@चूरू

जिले के राजलदेसर में पत्नी से हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपने 3 साल के बेटे की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। मां ने जब मासूम बेटे को खून से लथपथ देखा तो वह चिल्लाई। इस पर पड़ोस में रहने वाला देवर दौड़कर आया और भतीजे को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी रतनलाल ने बताया कि इस मामले में प्रेमनगर निवासी किशोर कुमार पुत्र सुगनाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई प्रहलाद (25) अपने परिवार के‎ साथ ढाणी में अलग से मकान‎ बनाकर रहता है, बाकी भाई एक साथ‎ रहते हैं। प्रहलाद के 2 बेटे‎ लोकेश (3) और भरत (1) थे। मंगलवार को‎ किसी काम से प्रहलाद घर से बाहर गया था। वह बुधवार सुबह 7 बजे घर लौटा।‎ घर आने पर भाभी रजनी ने बड़े भाई से कहा कि आप थोड़ा भी ध्यान नहीं रखते कि ढाणी में आपके बच्चे अकेले हैं, रात भर घर से‎ बाहर क्यों रहते हो? इस बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े के दौरान उनके दोनों बेटे पास ही खड़े हुए थे। इस बीच प्रहलाद ने कुल्हाड़ी उठाई और बड़े बेटे पर हमला कर दिया।

किशोर ने बताया कि झगड़ा होने पर प्रहलाद गुस्से में आ गया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपने 3 साल के बेटे लोकेश की गर्दन पर वार कर दिया। इससे लोकेश मौके पर ही ढेर हो गया। इस पर उसकी भाभी जोर से चिल्लाई तो वह दौड़कर भाई के घर पहुंचा। वहां लोकेश खून से लथपथ पड़ा हुआ था। प्रहलाद के हाथ में कुल्हाड़ी थी। वह लोकेश को गोद में उठाया और रतनगढ़ अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि पिता को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

एक ही घर में हुई थी तीन भाइयों की शादी

थानाधिकारी रतनलाल ने बताया कि प्रहलाद और उसके 2 छोटे भाइयों की शादी सुजानगढ़ तहसील की कालेरा की ढाणी में करीब 4 साल पहले हुई थी। शादी के दौरान प्रहलाद की पत्नी रजनी बालिग थी तो उसका ससुराल में आना-जाना शुरू हो गया था, जबकि 2 बहनें छोटी थी, इसलिए परिजनों ने उनको ससुराल नहीं भेजा। कुछ समय बाद ससुराल वालों ने दोनों बहनों को ससुराल भेजने के लिए कहा, लेकिन पीहर वालों ने छोटी होने की बात कहकर मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने रिश्ता तोड़ लिया। रजनी के पीहर पक्ष ने उसको भी ससुराल छोड़ने की बात कही, लेकिन वह अपने दोनों बेटों के साथ खुश थी। प्रहलाद पर भी परिवार के लोगों ने रजनी को छोड़ने का दबाव बनाया था।

प्रारम्भिक जानकारी में सामने आया है कि मंगलवार रात को प्रहलाद घर नहीं आया था। बुधवार सुबह जब वह घर आया तो पत्नी रजनी ने रात को घर नहीं लौटने का उलाहना दिया। इसे लेकर पर दोनों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक ने कहा एक बेटे को तुम रखो दूसरे को मैं। इस दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में प्रहलाद ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपने बड़े बेटे पर हमला कर दिया। इस दौरान उसका छोटा बेटा भरत भी वहीं पर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.