‘मैं अब सनातनी हूं, मुझे ठकुराइन बुलाइए’, प्रेम के लिए सरहद लांघने वाली सीमा हैदर के बेबाक बोल
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क/नई दिल्ली
अपने प्रेम की तलाश करते हुए सरहद पार पाकिस्तान से भारत पहुंचने वाली सीमा हैदर पूरी तरह से हिन्दू धर्म को अपना चुकी है। वह सचिन मीणा और उसके परिवार के साथ रहते हुए काफी खुश है। साड़ी एवं लाल पटका पहनने से सीमा को कोई परहेज नहीं है। वह हिन्दू धर्म के रीति-रिवाजों को सीख रही है। सीमा का कहना है कि सचिन से शादी के बाद वह पूरी तरह से सनातनी हो चुकी है। वह चाहती है कि उन्हें सीमा हैदर के नाम से नहीं बल्कि सीमा सचिन या सीमा ठकुराइन के नाम से बुलाया जाए। भारत पहुंचने और सचिन से शादी करने के बाद सीमा क्या सोच रही है, यह जानिए।
‘मुझे सीमा सनातनी कहा जाए’
इस सवाल पर कि क्या आप सनातनी हो गई हैं। इसका जवाब देते हुए सीमा ने कहा कि ‘अब मैं हिन्दू धर्म की हो गई हूं तो मुझे सीमा सनातनी ही कहा जाए। मैं चाहूंगी कि मुझे सीमा हैदर के नाम से न बुलाया जाए। मुझे सीमा सचिन बोलिए या सीमा ठकुराइन के नाम से बुलाइए।’ सीमा ने बताया कि पाकिस्तान में उसे आरती और पूजा करना नहीं आता था। वहां एक रश्मि नाम की लड़की थी, जिसने उसे पूजा और आरती करना सिखाया। भारत आने से पहले सीमा ने व्रत रखा था।
सीमा को करवाचौथ के बारे में पता है
हिन्दू धर्म के बारे में सीमा का कहना है कि वह धीरे-धीरे इस धर्म को जान जाएगी। उन्हें नवरात्रि, रक्षाबंधन, करवाचौथ और भैयादूज त्योहारों के बारे में पता है। वह कहती है कि हिन्दू रीति-रिवाजों के बारे में वह सचिन की मां से जानेगी और सीखेगी। सीमा ने कहा कि उन्हें कान्हा जी पसंद हैं और वह उनकी पूजा करती है।
इधर, गुलाम हैदर ने कहा-अभी तलाक नहीं हुआ
सीमा उत्तर प्रदेश के नोएडा में अब सचिन मीणा के साथ रहती है। चार बच्चों की मां सीमा हैदर का दावा है कि वह पाकिस्तान में अपने पति से तलाक लेकर भारत आई, लेकिन उसके पति गुलाम हैदर का कहना है कि सीमा अभी भी उसकी पत्नी है, क्योंकि उनका तलाक नहीं हुआ है। लेकिन सीमा सचिन को अपना पति मान रही है। इससे मामला थोड़ा पेचीदा हो रहा है। सीमा के शौहर ने कानूनी रास्ता अपनाने की बात कही है।
Courtesy: Times Now Navbharat
