राजस्थान: गैंगरेप के बाद लड़की को गोली मारी, तेजाब से जलाकर शव कुएं में फेंका
राजस्थान के करौली में गुरुवार को एक 19 वर्षीय दलित लड़की का शव एक कुएं में मिला। आरोप है कि लड़की का बुधवार तड़के चार बजे करीब घर से अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया, फिर तेजाब से जलाया। इसके बाद शव कुएं में फेंक दिया गया। इस वारदात पर सांसद किरोड़ी लाल मीणा सहित अन्य भाजपा नेताओं और लड़की के परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, 50 लाख रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है।
एनसीआई@करौली
जिले के नादौती थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय दलित लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं गईं। आरोप है कि लड़की को उसके घर से अगवा किया गया। इसके बाद जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया, फिर गोली मार दी। आरोपियों की बर्बरता यही नहीं रुकी, उन्होंने फिर शव पर एसिड डालकर जलाया और और भीलापाड़ा रोड़ पर बने कुएं में फेंक दिया। कुएं में शव होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। उल्लेखनीय है कि लड़की और उसकी मां ही घर पर थे। लड़की के पिता विदेश में नौकरी करते हैं।
पुलिस ने शव को बरामद कर हिंडौन के जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। यहां गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से उसका पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ राजकीय अस्पताल हिंडौन सिटी पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। राज्यसभा सांसद मीणा का धरना आज शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
सांसद मीणा ने पुलिस पर आरोप लगाया कि जघन्य हत्या होने के बाद भी पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम नहीं बुलाई। बिना इस टीम को बुलाए ही पुलिस ने कुएं से शव निकलवा कर उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा दिया। वहां महिला डॉक्टर नहीं होने पर शव को राजकीय अस्पताल हिंडौन सिटी लाया गया।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि जब तक युवती पर एसिड फेंकने, गैंगरेप करने और कुएं में फेंकने के गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता के साथ ही परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
घटना पर एसएचओ ने यह कहा
नादौती एसएचओ बाबू लाल ने बताया कि टोडाभीम क्षेत्र के मोहनपुरा निवासी लड़की बुधवार को लापता हो गई थी। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसका अपहरण कर लिया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। वहीं बीजेपी नेता डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया कि लड़की का अपहरण किया गया, फिर उसके साथ रेप हुआ और फिर हत्या कर दी गई।
सांसद दीया कुमारी और रंजीता कोली ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
राजसमंद सांसद दीया कुमारी और भरतपुर सांसद रंजीता कोली शुक्रवार को हिंडौन पहुंचीं। भाजपा की इन महिला सांसदों ने नादौती के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की। दीया कुमारी ने कहा कि प्रशासन का रवैया इस दलित परिवार के प्रति असंवेदनशील रहा है। राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हैं।
