सीमा हैदर के हंगामे के बीच राजस्थान की बहू अपने पति और दो बच्चों को छोड़ पहुंच गई पाकिस्तानी महबूब के पास
एनसीआई@अलवर/सेन्ट्रल डेस्क
पाकिस्तान से अवैध तरीके से भारत अपने प्रेमी के पास चार बच्चों को लेकर आई सीमा हैदर का मामला अभी तक गर्म है। इसने भारत से लेकर पाकिस्तान तक में सनसनी मचा रखी है। वहीं अब राजस्थान के अलवर जिले की अंजू (34) का भी ठीक ऐसा ही मामला सामने आया है। फर्क सिर्फ इतना है अंजू अपने प्रेमी के पास खुद पाकिस्तान के लाहौर पहुंच गई है। उसके पति अरविंद को यह जानकारी मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अरविंद का कहना है कि उसकी पत्नी 4 दिन पहले जयपुर घूमने की बात कह कर गई थी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रहने वाले सचिन मीणा के प्यार में पाकिस्तानी बहू सीमा हैदर के उसके पास अवैध तरीके से आई है। मगर अब पाकिस्तानी प्रेमी के प्यार में पागल राजस्थान की यह बहू पति और दोनों बच्चों को बिना बताए दूसरे मुल्क पहुंच गई और इस बात की जानकारी मीडिया में आग की तरह फैल गई है।
अंजू के पति अरविंद का कहना है कि उसकी पत्नी 4 दिन पहले जयपुर घूमने की बात कह कर गई थी। इसके बाद से वह उससे वॉट्सएप कॉलिंग पर ही बात कर रही थी। पति अरविंद ने बताया कि 23 जुलाई, रविवार की शाम को करीब 4 बजे पत्नी अंजू ने वॉट्सएप कॉलिंग की और बताया कि वह लाहौर पहुंच गई है और दो-तीन दिन में वापस आ जाएगी।
जानकारी के अनुसार, अंजू पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के रहने वाले नसरुल्लाह नाम के व्यक्ति से मिलने पहुंची है। उससे उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
पति को मीडिया से मिली जानकारी
पत्नी अंजू अपने पाकिस्तानी प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने पहुंची है, इस बात की जानकारी उसके पति अरविंद को मीडिया से पता चली। उसका कहना है कि नसरुल्लाह से दोस्ती के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। यहां तक कि पति अरविंद का यह भी कहना है कि उसकी बीवी लौट कर जरूर आ जाएगी। अरविंद भिवाड़ी में इंटेक्स कम्पनी में कार्यरत है और यहीं की एक कम्पनी में उसकी पत्नी अंजू बायोडाटा ऑपरेटर एंट्री का काम करती थी।
दो साल पहले बनवाया था पासपोर्ट
अरविंद ने मीडिया को जानकारी दी कि विदेश में नौकरी करने के लिए उसकी पत्नी अंजू ने करीब 2 साल पहले अपना पासपोर्ट बनवाया था। वहीं, 4 दिन पहले उसने कहा कि वह जयपुर घूमने जा रही है। इसके बाद से ही वह उससे वॉट्सएप कॉलिंग के जरिए ही कांटेक्ट कर रही थी, लेकिन 23 जुलाई को उसने बताया कि वह पाकिस्तान के लाहौर आ गई है, यानी कि 21 जुलाई 2023 को वह पाकिस्तान पहुंच गई थी। अरविंद वर्ष 2005 से भिवाड़ी में एक किराये के फ्लेट में अपने दो बच्चों और पत्नी अंजू के भाई के साथ रहता है।
सीमा हैदर की तरह है यह इश्क की दास्तां
अंजू और सीमा की इस कहानी में एक बड़ा अंतर सामने आया है। वह यह कि सीमा हैदर बिना वीजा के अवैध तरीके से भारत में घुसी थी, वहीं अंजू ने बाकायदा कानूनी तरीके से अपना पासपोर्ट बीजा बनवाया और तब जाकर पाकिस्तान में एंट्री ली। बाकी समानता यह है कि सीमा हैदर की उम्र सचिन से अधिक है तो अंजू भी नसरुल्ला से बड़ी है। सीमा जहां अपने पति को छोड़ चार बच्चों को लेकर भारत आई है, वहीं अंजू अंजू अपने पति और दोनों बच्चों को छोड़ गई।
अंजू ने जारी किया वीडियो, बोलीं- ‘जल्द भारत लौटूंगी’, बॉयफ्रेंड ने शादी को लेकर साफ किया इरादा

अंजू ने वीडियो में कहा कि मैं वैध वीजा लेकर पाकिस्तान आई हूं। यहां मैं सुरक्षित हूं, मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मैं कुछ ही दिन में वापस लौट आऊंगी। मेरी मीडिया से अपील है कि मेरे बच्चे और परिवार को परेशान न किया जाए।
अंजू के पाकिस्तानी मित्र नसरुल्ला ने भी सोमवार को वीडियो में ऐसी ही बात की। साथ ही नसरुल्ला ने अंजू से प्रेम सम्बन्ध होने की बात को भी खारिज कर दिया।
नसरुल्ला ने कहा- शादी की योजना नहीं
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नसरुल्ला (29) ने कहा कि उसकी अंजू से शादी करने की कोई योजना नहीं है। वहीं पाकिस्तान के दीर जिले के एसपी ने कहा कि 21 अगस्त को अंजू पाकिस्तान से वापस चली जाएगी। हमने उनकी सुरक्षा में पुलिस तैनात की है।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
नसरुल्ला और अंजू की दोस्ती 2019 में फेसबुक के जरिए हुई थी। नसरुल्ला ने कहा कि अंजू पाकिस्तान आई हुई है और हमारी शादी करने की कोई प्लानिंग नहीं है। उन्होंने कहा कि अंजू मेरे घर में परिवार की अन्य महिलाओं के साथ दूसरे कमरे में रहती है। वहीं इससे पहले नसरुल्ला ने शादी करने की योजना बताई थी और कहा था अभी अंजू सगाई के बाद भारत लौट जाएगी। इसके बाद शादी करने के लिए लौटेगी।
पांच भाइयों में सबसे छोटा है नसरुल्ला
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग को भेजे गए आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक उसने अंजू को केवल ऊपरी दीर जिले के लिए 30 दिन का वीजा मंजूर करने का फैसला किया है। नसरुल्ला शेरिंगल स्थित विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक है और पांच भाइयों में सबसे छोटा है। वह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है।
नसरुल्ला ने कहा कि जिला प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है और अंजू उसके परिवार के साथ सुरक्षित है। पश्तून बहुल गांव के लोग चाहते हैं कि अंजू सुरक्षित भारत लौट जाए, क्योंकि वे नहीं चाहते कि इस घटना से उनके समुदाय की बदनामी हो। अंजू के पति व राजस्थान निवासी अरविंद ने उम्मीद जताई है कि जल्द उसकी पत्नी वापस आ जाएगी।
धर्म को लेकर परिवार ने किया बड़ा खुलासा
धर्म को लेकर अंजू के परिवार वालों ने बड़ा दावा किया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली अंजू के चचेरे मामा रोशन लाल ने मीडिया को बताया कि अंजू ने ईसाई धर्म अपना लिया था और अभी भी वो ईसाई ही है। अंजू की शादी अलवर में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है। उनके बच्चे अपने पिता के साथ भिवाड़ी में हैं। अंजू से हमारी आखिरी मुलाकात अप्रेल में हुई थी।
