डूबने से भाई की मौत, सदमे से बहन ने भी डिग्गी में कूद कर दे दी जान
एनसीआई@बीकानेर
बरसाती पानी देखने गए बज्जू गांव निवासी 19 वर्षीय संदीप खिलेरी जिस जगह पर खड़ा था, वहां मिट्टी का कटान हो जाने से वह पानी में बह गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत से उसे बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह खबर घर पर संदीप की बहन रेखा खिलेरी (22) को मिली तो वह इस सदमे को नहीं सह सकी और डिग्गी में कूद गई। इससे उसकी भी मौत हो गई।
पिछले दो दिन से हो रही तेज बारिश से क्षेत्र के नाले उफान पर हैं। इनमें पानी काफी तेज गति से बह रहा है। शनिवार दोपहर बज्जू निवासी संदीप खिलेरी (19) अपने दोस्तों के साथ बरसाती नदी देखने गया था। दोस्तों ने बताया कि संदीप जहां खड़ा था, वहीं से मिट्टी कटकर आगे बह गई। इससे संदीप भी पानी में बह गया। किसी तरह उसे बाहर निकाल कर बज्जू हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदीप की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। इस सदमे को सह नहीं पाने के कारण थोड़ी देर बाद शाम करीब 4 बजे संदीप की बहन रेखा घर के पास ही सिंचाई की डिग्गी में कूद गई। उसकी भी मौत हो गई। दोनों भाई-बहन एक साथ बज्जू के कॉलेज में पढ़ते थे। इन दोनों की सगाई हो चुकी थी। पिता किसान हैं। घर में इनके छोटे भाई-बहन भी हैं।
तेज धार के बीच फंस गई पुलिस की जीप
बज्जू निवासी राधेश्याम पूनिया ने बताया- सुबह करीब साढ़े चार बजे पानी बज्जू तेजपुरा तक पहुंच गया था। ये पानी गड़ियाला की तरफ से इधर आ रहा है। धार इतनी तेज थी कि उसकी चपेट में आने से अनहोनी तय थी। इसी पानी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
वहां बज्जू पुलिस भी गश्त कर रही थी। वह पानी के आसपास पहुंचे लोगों को हटाने की कोशिश कर रही थी। वहां पहुंची पुलिस की जीप भी तेज धार के बीच फंस गई थी। उसे गांव वालों ने धक्का देकर बाहर निकलवाया।
