July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बेहद निंदनीय: पांच का पहाड़ा न सुना पाने पर टीचर ने दी ‘तालिबानी सजा’, पूरी क्लास से बच्चे को पिटवाया, वीडियो वायरल

बेहद निंदनीय: पांच का पहाड़ा न सुना पाने पर टीचर ने दी ‘तालिबानी सजा’, पूरी क्लास से बच्चे को पिटवाया, वीडियो वायरल

एनसीआई@मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)

मुजफ्फरनगर के गांव खुब्‍बापुर के नेहा पब्लिक स्‍कूल में शिक्षिका ने यूकेजी के छात्र को 5 का पहाड़ा याद न करने पर उसके ही सहपाठियों से पिटवाया। मार खाते हुए इस 7 वर्षीय बच्चे का वीडियो वायरल होने पर हंगामा हो गया। मार खाने वाले बच्चे के मुस्लिम होने से मामला अधिक संवेदनशील हो गया है। पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं नेहा पब्लिक स्कूल ट्वीटर पर भी ट्रेंड कर रहा है। वहीं इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में 7 वर्षीय स्कूली छात्र को उसके सहपाठी बारी-बारी से तमाचा मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में क्लास ले रही शिक्षिका कथित तौर से मुस्लिम बच्चों और माताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर रही है। साथ ही स्‍कूल में बैठे एक व्‍यक्ति से वार्तालाप के दौरान यह भी बता रही हैं कि उन्‍होंने बच्‍चे को फाइव का टेबल फाईवजा तक याद करा दिया था, लेकिन वह भूल गया।इसी दौरान वह तमाचा मारने वाले बच्चों को जोर से मारने के लिए निर्देशित भी करती है। इसके बाद बालक को उसका सहपाठी कमर पर मारता है। इस घटनाक्रम के 38 और 40 सेकेंड के दो वीडियो में बालक को छात्र के साथ छात्राएं भी मारती नजर आ रही हैं। इस पर पीड़ा से बालक रोने लगता है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को एक व्यक्ति ने मुजफ्फरनगर पुलिस को ट्वीट किया। इसे गम्भीरता से संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई।

सीओ खतौली डॉ. रमाशंकर ने बताया कि वायरल वीडियो थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव खुब्बापुर के नेहा पब्लिक स्कूल का है। उन्होंने बताया कि मामले में शुरुआती जांच की गई है। जांच में सामने आया कि 5 का पहाड़ा न सुना पाने पर 7 वर्षीय कक्षा यूकेजी के छात्र अल्‍तमश को विद्यालय की शिक्षिका तृप्ति त्यागी ने सजा दी थी। उन्‍होंने बताया कि इस मामले में तहरीर प्राप्‍त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पिता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 323 और 504 के तहत यह केस दर्ज कर लिया गया है।

पिता की यह है ख्वाहिश

नेहा पब्लिक स्‍कूल के इस छात्र के पिता ने बताया कि वे बच्‍चे के साथ मार पिटाई करवाने वाली शिक्षिका के खिलाफ भी कार्रवाई चाहते हैं। उनकी इस बारे में एसएचओ से बात हुई है। वह कुछ देर में जानकारी लेने के लिए उनके घर पर पहुंच रहे हैं।

वीडियो के आधार पर बीएसए ने बैठाई मामले की जांच

बीएसए शुभम शुक्‍ला ने बताया प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। शाहपुर के ब्‍लॉक एजुकेशन अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गई है। वह स्‍वयं भी कल मौके पर पहुंचकर मामले को समझेंगे। स्‍कूल मैनेजमेंट को भी नोटिस दे दिया गया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.