जयपुर: बाइक टक्कर के बाद हुई हत्या से भारी साम्प्रदायिक तनाव, फोर्स तैनात
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बाइक टक्कर की एक घटना ने साम्प्रदायिक टकराव का रूप ले लिया। टक्कर के बाद भीड़ ने युवक की हत्या कर दी, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अफसर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
एनसीआई@जयपुर
राजधानी जयपुर के सुभाष चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रोडरेज में हुई हत्या ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया। इसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मामूली टक्कर के बाद शुरू हुए इस विवाद में एक बाइक सवार की हत्या कर दी गई थी।

बाइक की मामूली टक्कर के बाद मारपीट कर रहे एक युवक ने उसे रोकने आए लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लोगों ने झगड़ा कर रहे युवक इकबाल पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां इकबाल ने दम तोड़ दिया।

युवक की मौत के बाद इलाके में फैले तनाव को लेकर सुभाष चौक पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इकबाल की मौत के बाद तनाव बढ़ गया है। उसका परिवार चाहता है कि आरोपी जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
इस मामले पर सुभाष चौक थाने के प्रभारी सुरेश सिंह खटीक ने बताया कि जयपुर के रामगंज निवासी अब्दुल मजीज के बेटे इकबाल (18) की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। रात करीब पौने ग्यारह बजे इकबाल बाइक पर जयसिंह पुरा खोर से घर जा रहा था। इसी दौरान गंगापोल स्थित बाजार में राहुल की बाइक से इकबाल की बाइक की टक्कर हो गई। इस पर दोनों युवकों के बीच गाली-गलौच हो गई।

पुलिस के मुताबिक बाइक सवार दोनों युवक गाली-गलौच करते हुए अपने-अपने लोगों को बुलाने लगे। वहां खड़े बुजुर्ग ने दोनों को गाली देने से मना किया। इसी बात को लेकर इकबाल की वहां खड़े लोगों से भी वह तकरार हो गई। वह वहां खड़े लोगों से भी गाली-गलौच करने लगा। इस पर गुस्साए लोगों ने इकबाल से मारपीट करनी शुरू कर दी। लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इससे इकबाल के पैरों और सिर पर काफी चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इकबाल को गम्भीर हालत में एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह जानकारी मिलते ही इकबाल के पक्ष के लोग वहां इकट्ठा होना शुरू हो गए। माहौल बिगड़ता देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए।
वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए शुक्रवार देर रात ही छापेमारी की। इसमें इकबाल की हत्या में शामिल 2-3 संदिग्धों को राउंडअप कर लिया। इसके बाद शनिवार को हुई कार्रवाई को मिला कर दर्जनभर लोगों को हिरासत में लिया जा चुका था। इन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के साथ ही अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं जयपुर प्रशासन ने इकबाल के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा, नौकरी और एक डेयरी बूथ देने की घोषणा की है।
