राजस्थान में पहली बार बुजुर्ग-दिव्यांग घर से डाल सकेंगे वोट, राजनीतिक दलों को बताना होगा- क्रिमिनल को टिकट क्यों दिया?
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस चुनाव में चुनाव आयोग राजस्थान में पहली बार सीनियर सिटीजन वोटर्स को घर से वोट डालने की सुविधा भी देगा।
इसके साथ ही राजनीति में अपराधियों के प्रवेश को रोकने के लिए एक नया कदम उठाया गया है। इसके तहत राजनीतिक दलों को अखबार में स्पष्टीकरण देना होगा कि उन्होंने क्रिमिनल बैक ग्राउंड वाले व्यक्ति को टिकट क्यों दिया?
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव आयोग के मुताबिक राजस्थान में 80 साल से ऊपर के 11.8 लाख मतदाता हैं। वहीं 100 साल से ऊपर के भी 18,462 मतदाता हैं। इन्हें और 40% से ज्यादा विकलांगता वालों को वोट फ्रॉम होम की सुविधा दी जाएगी। चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद 5 दिन के अंदर अंदर वोट फॉर होम की सुविधा पाने के इच्छुक मतदाताओं को फॉर्म भरना होगा। इसके बाद चुनाव आयोग उनके घर से ही वोट डालने की व्यवस्था करेगा।
राजस्थान में पहली बार 17 लाख वोटर्स के घर जाएंगी पोलिंग पार्टी
राजस्थान के अगले विधानसभा चुनावों में करीब 17 लाख दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग लोग घर बैठे मतदान कर सकेंगे। विभाग ने हाल ही सम्पन्न हुए सरदार शहर, धरियावद, राजसमंद, सुजानगढ़ और वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में प्रयोग करके देखा था।
