April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

Assembly Elections 2023: मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 5 राज्यों में चुनावों की तारीखों का ऐलान, 3 दिसम्बर को आएंगे नतीजे

Assembly Elections 2023: मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 5 राज्यों में चुनावों की तारीखों का ऐलान, 3 दिसम्बर को आएंगे नतीजे

एनसीआई@नई दिल्ली

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया है कि पांच राज्यों में चुनाव के नतीजे 3 दिसम्बर को जारी कर दिए जाएंगे। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं।

राजस्थान में 23 नवम्बर और तेलंगाना में 30 नवम्बर को वोटिंग

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि राजस्थान में 23 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे, जबकि तेलंगाना में 30 नवम्बर को वोटिंग होने वाली है।

मिजोरम, एमपी और छत्तीसगढ़ में 7 नवम्बर को वोटिंग

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि मिजोरम में सबसे पहले चुनाव करवाए जाएंगे। मिजोरम में 7 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 7 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। छत्तीसगढ़ में दूसरे दौर के चुनाव 17 नवम्बर को होंगे।

8000 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन पर तैनात होंगी महिलाएं

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 17,734 मॉडल पोलिंग स्टेशन व 621 पोलिंग स्टेशन के प्रबंधन की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी स्टाफ के पास होगी। 8,192 पोलिंग स्टेशन का जिम्मा महिलाएं सम्भालने वाली हैं।
पांच राज्यों में होंगे 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पांच राज्यों के 679 विधानसभा सीटों में 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

17 अक्टूबर को जारी होगी वोटिंग लिस्ट

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया है कि पांच राज्यों में 8.2 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को वोटिंग लिस्ट जारी होगी, 23 अक्टूबर तक वोटिंग लिस्ट में सुधार का मौका मिलेगा।

60 लाख युवा पहली बार डालेंगे वोट

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि किस राज्य में कितने लोग वोट डालने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 60 लाख युवा वोटर्स पहली बार वोट डालने वाले हैं। मिजोरम में कुल मिलाकर 8.52 लाख वोटर्स हैं। छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.25 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ वोटर्स हैं।

राज्यों में सभी राजनीतिक पार्टियों से की बात: मुख्य चुनाव आयुक्त

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 5 चुनावी राज्यों में हमने 40 दिनों में अपना दौरा पूरा किया। इन राज्यों की राजनीतिक पार्टियों और केन्द्रीय एवं राज्य प्रवर्तन एजेंसियों से बात की गई।

राजस्थान में कितने वोटर्स हैं? 

राजस्थान में कुल वोटर्स की संख्या 5.25 फीसदी है, जिसमें से पुरुष वोटर्स 2.73 करोड़ और महिलाएं 2.51 करोड़ हैं। पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या 21.9 लाख है, जबकि 80 साल से ज्यादा उम्र के 11.8 लाख मतदाता हैं।

राहुल गांधी ने चुनावी राज्यों के कितने दौरे किए? 

कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने अब तक दो चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी राहुल ने 2 जनसभाएं की हैं।

पीएम मोदी ने चुनावी राज्यों के कितने दौरे किए? 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में 10, राजस्थान में 9, छत्तीसगढ़ में 4 और तेलंगाना में भी 4 जनसभाओं को सम्बोधित कर चुके हैं। उन्होंने यहां पर बीजेपी के जरिए किए गए कार्यों की जानकारी जनता को दी है।

मध्य प्रदेश में कितने वोटर्स हैं? 

मध्य प्रदेश में वोटर्स की संख्या 5.52 करोड़ है। इनमें 2.85 करोड़ पुरुष वोटर्स हैं, जबकि महिला वोटर्स की संख्या 2.67 करोड़ है। इस बार 18 लाख से ज्यादा ऐसे मतदाता होंगे, जो पहली बार अपने वोटिंग अधिकारों का इस्तेमाल करेंगे।

किस चुनावी राज्य में कितनी मुस्लिम आबादी? 

पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुस्लिम वोटर्स भी मायने रखने वाले हैं। मध्य प्रदेश में मुस्लिम आबादी 6.57 फीसदी है। राजस्थान में मुस्लिमों की आबादी 9.07 फीसदी है, जबकि छत्तीसगढ़ में 2.02 फीसदी आबादी है। तेलंगाना में मुस्लिम लोगों की आबादी 12.69 फीसदी और मिजोरम में इस समुदाय की संख्या 1.35 फीसदी है।

किस राज्य में कब खत्म हो रहा है विधानसभा का कार्यकाल?

मिजोरम में विधानसभा कार्यकाल दिसम्बर में खत्म हो जाएगा। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा कार्यकाल जनवरी में खत्म होने वाले हैं। चुनाव आयोग ने इन राज्यों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया है।

किस राज्य में कितनी विधानसभा सीटें?

मिजोरम विधानसभा में सीटों की संख्या 40 हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 सीटें हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा 230 सीटों वाली है, जबकि तेलंगाना विधानसभा 119 सदस्यों वाली है। राजस्थान में विधानसभा सीटों की संख्या 200 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.