राजस्थान में बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी की, 7 सांसदों सहित 41 नामों का ऐलान
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने सोमवार दोपहर पहली लिस्ट जारी कर दी। आचार संहित लगने के थोड़ी ही देर बाद बीजेपी ने 41 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसमें 7 सांसदों सहित एक रिटायर्ड आईएएस को भी मैदान में उतारा गया है।
इस लिस्ट राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा को सवाई माधोपुर से सांसद (अलवर) बालकनाथ को तिजारा (अलवर) से, सांसद (अजमेर) भागीरथ चौधरी को किशनगढ़ (अजमेर), सांसद (झुंझुनूं) नरेंद्र कुमार को मंडावा ((झुंझुनूं)), सांसद (राजसमंद) दीया कुमारी को विद्याधर नगर (जयपुर), सांसद (जयपुर ग्रामीण) राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को झोटवाड़ा (जयपुर), सांसद (जालोर-सिरोही) देवजी पटेल को सांचौर से मैदान में उतारा गया है। रिटायर्ड आईएएस चंद्रमोहन मीणा को बस्सी (जयपुर) से टिकट दिया गया।
नरपतसिंह राजवी और राजपाल सिंह शेखावत के टिकट कटे
इस पहली लिस्ट में राजपाल सिंह शेखावत और नरपत सिंह राजवी के नाम नहीं हैं। विद्याधर नगर (जयपुर) से विधायक नरपत सिंह राजवी की जगह सांसद दीया कुमारी और झोटवाड़ा (जयपुर) से पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत की जगह राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को टिकट दिया गया है।
भीलवाड़ा के सहाड़ा से डॉ. रतनलाल जाट का टिकट कटा
2022 में हुए विधानसभा उपचुनाव में सहाड़ा (भीलवाड़ा) से लड़े रतनलाल जाट का टिकट कट गया है। इस बार लादूलाल पितलिया को बीजेपी ने टिकट दिया है। उपचुनाव में पितलिया ने बागी होकर नामांकन भर दिया था, लेकिन समझाने के बाद मैदान से हट गए थे। अब पितलिया को टिकट दिया गया है।
डोटासरा के सामने सुभाष महरिया उम्मीदवार
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सामने बीजेपी ने सीकर के पूर्व सांसद सुभाष महरिया को उम्मीदवार बनाया है। महरिया बीजेपी से कांग्रेस में चले गए थे। हाल ही में वापस भाजपा में लौटे हैं।
उदयपुरवाटी से गुढ़ा के सामने फिर शुभकरण उम्मीदवार, बीजेपी ने नहीं छोड़ी सीट
उदयपुरवाटी से बीजेपी ने राजेंद्र सिंह गुढ़ा के सामने शुभकरण चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। शुभकरण 2013 में विधायक रह चुके हैं। लाल डायरी प्रकरण और गुढ़ा के शिवसेना (शिंदे गुट) में जाने के बाद सियासी हलकों में ये कयास लग रहे थे कि बीजेपी गठबंधन में यह सीट छोड़ सकती है। पर ऐसा हुआ नहीं।
कर्नल बैंसला के बेटे विजय बैंसला को भी मौका
गुर्जर आंदोलन के संयोजक रहे कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के बेटे विजय सिंह बैंसला को भाजपा ने देवली-उनियारा (टोंक) से टिकट दिया है। कर्नल बैंसला भी भाजपा के टिकट पर सवाईमाधोपुर से सांसद का चुनाव लड़े थे। हालांकि उन्हें कांग्रेस के नमोनारायण मीणा ने हरा दिया था।
