भारतीय यूजर्स के लिए Google की बड़ी घोषणा, अब Google Pay एप पर ही मिलेगा लोन
एनसीआई@नई दिल्ली
गूगल फॉर इंडिया में कम्पनी ने कई बड़े ऐलान किए हैं। इसमें से एक गूगल पे के जरिए लोन की सुविधा है। इसके लिए कम्पनी ने कई बैंक्स के साथ पार्टनरशिप की है। इसकी मदद से मर्चेंट्स छोटे-छोटे लोन गूगल पे से ही ले सकते हैं। कम्पनी ने इसके तहत सैशे लोन को पेश किया है, जो 111 रुपए की मंथली EMI पर मिल जाएगा। आइए जानते हैं इसकी डिटेल।एनसीआई@नई दिल्ली
गूगल ने गुरुवार को भारत में हुए अपने इवेंट में कई बड़ी घोषणाएं की है। कम्पनी ने Pixel फोन्स की भारत में मैन्युफैक्चरिंग से लेकर छोटे लोन तक की घोषणा की है। कम्पनी ने इन छोटे लोन्स को सैशे लोन नाम दिया है। यूजर्स इस लोन का फायदा Google Pay के जरिए ले सकते हैं।
Google India ने इस सर्विस को लॉन्च करते हुए कहा कि भारत में छोटे कारोबारियों को अक्सर ऐसे लोन्स की जरूरत होती है, इसलिए टेक्नोलॉजी कम्पनी इन सैशे लोन को लॉन्च कर रही है। इसके तहत कम्पनी 15 हजार रुपए तक लोन देगी, जिसे महज 111 रुपए तक की मंथली EMI पर भरा जा सकेगा।
फर्जी लोन एप्स से मुक्ति मिलने की आस
गूगल का ये फैसला एक अच्छा विकल्प हो सकता है। दरअसल, मार्केट में तमाम फर्जी लोन एप्स फैले हुए हैं, जो लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ये एप्स तमाम गैर-कानूनी तरीकों का इस्तेमाल करते हुए लोगों को फर्जी लोन देते हैं और वसूली के लिए उन्हें कई तरह से प्रताड़ित किया जाता है।
गूगल की इस सर्विस से लोगों को एक ऑथेंटिक सोर्स के जरिए पैसे मिलेंगे। हालांकि, ध्यान रखने वाली बात ये है कि गूगल सीधे तौर पर ये लोन नहीं दे रहा है, बल्कि कम्पनी एक मीडियम का काम करेगी।
बैंक्स के साथ की पार्टनरशिप
इसके लिए कम्पनी ने DMI फाइनेंस के साथ पार्टनरशिप की है। इसके साथ ही Google Pay ने एक क्रेडिट लाइन भी इनेबल की है, जो मर्चेंट्स की मदद करेगी। इसके लिए कम्पनी ने ePayLater के साथ पार्टनरशिप की है। मर्चेंट्स सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन डिस्ट्रीब्यूटर पर इसका इस्तेमाल करके अपना स्टॉक और सप्लाई खरीद सकते हैं।
इन बैंकों से की है पार्टनरशिप
गूगल इंडिया ने UPI पर क्रेडिट लाइन फीचर को ICICI Bank के साथ मिलकर लॉन्च किया है। कम्पनी ने Axis Bank के साथ भी पार्टनरशिप की है। उल्लेखनीय है कि यूजर्स इन सभी सर्विसेस का इस्तेमाल Google Pay के जरिए कर सकेंगे।
भारत में ही होगी Pixel की मैन्युफैक्चरिंग
Google for India में कम्पनी ने ऐलान किया है कि भारत में Pixel की मैन्युफैक्चरिंग भी शुरू होगी। इसके तहत कम्पनी सबसे पहले Pixel 8 को भारत में असेंबल करेगा। अगले साल मार्केट में हमें भारत में असेंबल हुआ Pixel 8 देखने को मिल सकता है। हालांकि, इससे फोन की कीमत कम होगी या नहीं, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।
