शादी के लिए दबाव बना रहा था प्रेमी, परेशान होकर युवती ने कर ली आत्महत्या, मोबाइल फोन पर धमकी के बाद जहर पी लिया
एनसीआई@प्रतापगढ़
सालमगढ़ थाना क्षेत्र निवासी एक 19 वर्षीय युवती ने प्रेमी के शादी के लिए दबाव बनाने से परेशान होकर कीटनाशक पी लिया। इससे उसकी मौत हो गई। आरोपी युवती की कहीं अन्य स्थान पर सगाई होने पर धमकी देकर रिश्ता तुड़वा देता था। युवती के माता-पिता खेत में मजदूरी करते हैं। वे अपनी जमीन गिरवी रखकर बेटी को एसटीसी की पढ़ाई करवा रहे थे।

एएसआई भगवान लाल ने बताया- एक युवती के परिजन ने थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें कहा गया है कि प्रेमी से परेशान होकर उनकी बेटी ने बुधवार रात 8 बजे कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे अर्णोद सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने रात 10 बजे प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह 8 बजे उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र (20) निवासी सागवाड़ा (डूंगरपुर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डूंगरपुर में हुई थी मुलाकात
युवती के भाई ने बताया कि मेरी बहन एसटीसी की पढ़ाई कर रही थी। दो साल से डूंगरपुर में किराए पर कमरा लेकर रह रही थी। वहीं पर आरोपी वीरेन्द्र ने उसकी बहन से दोस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। रक्षा बंधन पर वह गांव आई, मगर इसके बाद डूंगरपुर नहीं गई। इस दौरान वीरेंद्र और बहन की मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। मोबाइल पर ज्यादा फोन आने लगे तो हमें शक हुआ। हमने मोबाइल फोन पर युवक से बात करने के लिए मना किया।
शादी के लिए बना रहा था दबाव
युवती के भाई ने बताया कि जब भी बहन के रिश्ते की कहीं बात होती तो वीरेंद्र बहन को फोन पर धमकी देता था। खुद उससे शादी के लिए दबाव बना रहा था। बार-बार फोन करके परेशान करता था। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। बहन ने फोन पर बात करते हुए ही रात करीब 8 बजे कीटनाशक पी लिया।
बेटी को टीचर बनाने का था सपना
युवती की मां ने बताया कि बेटी को टीचर बनाने का सपना था। उसकी एसटीसी की पढ़ाई के लिए कर्जा लिया था। 20 हजार में जमीन गिरवी रखी थी। इसके अलावा 20 हजार रुपए ब्याज पर और 20 हजार रुपए रिश्तेदारों से भी लिए थे। इस तरह कुल 60 हजार रुपए फीस के जमा करवाए थे। बेटी से हमने शादी के लिए पूछा, लेकिन वह कहती थी नौकरी लगने के बाद ही शादी करूंगी।
