पंखिड़ा ओ पंखिड़ा…गरबा रास की मस्ती में डूबे माहेश्वरी बंधु
एनसीआई@कोटा
आकर्षक पंडाल, सेल्फी पॉइंट, रिबिन डेकोरोशन, खूबसूरत मंच, डीजे की मदमस्त धुन, खड़कते डांडिये और ऐसे माहौल में उमंग व जोश से गरबा रास रचाते माहेश्वरी बंधु। श्रीनाथपुरा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में शारदीय नवरात्र पर यह नवोत्सव रास गरबा व डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण थे। नवोदित मंडल की अध्यक्ष कृतिका सांभरिया व सचिव लव्या लड्डा ने बताया कि डांडिया गरबा की थीम शिबोरी रही। प्रतिभागियों ने रेनबो से जुड़े 4 प्रॉप्स की सहायता से गरबा रास का आयोजन किया।
सीनियर व विवाहित वर्ग के लिए आयोजित हुई प्रतियोगिता
खास बात यह है कि यह डांडिया प्रतियोगिता सीनियर व विवाहित वर्ग के लिए आयोजित की गई। यहां देशभक्ति, फ्री स्टाइल दुर्गा स्तुति, फिल्मी, राजस्थानी व गुजराती गीतों पर माहेश्वरी समाज के लोग जमकर थिरके। ढलती शाम के साथ गरबा का जादू छाने लगता और आकाश में आतिशबाजी के नजारे देखने को मिले। पंखिड़ा ओ पंखिड़ा,‘सबसे बड़ा तेरा नाम, ओ शेरावाली, ‘रंगीलो थाड़ो ढोलना, ढोलना रे ….जैसे सदाबहार गरबा गीतों पर माहेश्वरी महिलाएं व पुरुषों ने गरबा रास व डांडिया का आनंद उठाया।

बिरला ने भेंट किए उपहार
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने विजेताओं को उपहार भेंट किए। उन्होंने अपने सम्बोधन में सामाजिक आयोजन को सांस्कृतिक समन्वय का आधार बताते हुए कहा कि शारदीय नवरात्रि पर मां को प्रसन्न करन के लिए सब शामिल होकर गरबा रास से मां शारदा को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। आध्यात्मिक व सामाजिक समन्वय के लिए यह प्रयास प्रशंसनीय है। इस डांडिया नवोत्सव का आयोजन करने के लिए नवोत्सव टीम को राजेश कृष्ण बिरला ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभिन्न राउंड में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को विभिन्न आयु वर्ग में आयोजित डांडिया प्रतियोगिता के लिए पुरस्कृत किया गया। लक्की ड्रॉ में रौनक सोनी को सोने का सिक्का दिया गया। राठी व कालानी परिवार मुख्य प्रायोजक रहे।

ये गणमान्य समाजबंधु भी रहे मौजूद
इस अवसर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला, नारायण स्वरूप कालानी, पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेश चंद अजमेरा, पूर्व अध्यक्ष आनंद राठी, माहेश्वरी समाज के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र शारदा, माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष केजी जाखेटिया, मंत्री रामचरण धूत, माहेश्वरी सेवा संस्थान नया कोटा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी व सचिव दामोदर मूंदडा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा, मंत्री ओम प्रकाश गट्टानी, महिला मंडल अध्यक्ष प्रीति राठी व सचिव सरिता मोहता आदि पदाधिकारियों व नवोदित मंडल की कोषाध्यक्ष नैंसी लाखेटिया, संरक्षिका अंजना शारदा, सुनिता मूंदडा व पूजा मालपानी मौजूद रहीं।

