संदिग्ध स्कॉर्पियो को होमगार्ड के जवान ने रोकने की कोशिश की तो कुचल दिया, इलाज के दौरान मौत, गाड़ी पर लिखा हुआ था HARIYANA
राजस्थान के दौसा में बुधवार रात बड़ी वारदात हुई। सिकराय क्षेत्र में एक स्कोर्पियो ने होमगार्ड के एक जवान को कुचल दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है।
एनसीआई@दौसा
दौसा में बदमाश पूरी तरह बैखोफ नजर आ रहे हैं। बुधवार रात बदमाशों ने अपनी स्कॉर्पियो से पुलिस के गश्ती दल को कुचल दिया। इस हादसे में होमगार्ड के एक जवान की दर्दनाक मौत हो गई। मामले के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी संदिग्ध अवस्था में दौड़ती नजर आई। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पहले से अलर्ट मानपुर थाना पुलिस ने उस गाड़ी का पीछा किया। बताया गया है कि उस संदिग्ध गाड़ी पर अंग्रेजी में HARYANA लिखा हुआ था।
जैसे ही यह स्कोर्पियो सिकराय में पहुंची तो पुलिस ने वहां मौजूद गश्ती दल को सूचना दी। इस पर गश्ती दल ने नाकेबंदी लगाकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने गश्ती दल को कुचल दिया।
इलाज के दौरान जवान की मौत
इस वारदात में होमगार्ड के जवान संतोष शर्मा गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान होमगार्ड के जवान संतोष शर्मा की मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी कराई गई है।
घटना की गम्भीरता को देखते हुए जयपुर रेंज के आईजी उमेश चंद्र दत्ता और एसपी वंदिता राणा भी घटनास्थल पर पहुंचीं और मौका मुआवना किया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धर-पकड़ के लिए कई टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। जल्द ही स्कार्पियो सवार बदमाश को पकड़ लिया जाएगा।
.
