भरतपुर की दिल दहला देनी वाली घटना में आरोपी छोटे भाई का अविश्वसनीय कबूलनामा, सगे बड़े भाई को 8 बार ट्रेक्टर से कुचलने की बात तो कबूली, मगर इस बहाने के साथ
भरतपुर के बयाना में ट्रेक्टर से 8 बार अपने भाई को कुचलकर मार डालने वाले दामोदर सिंह गुर्जर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दामोदर ने कहा कि जो कुछ हुआ वो गलती से हुआ। उसने जब ट्रेक्टर स्टार्ट करके चलाया तो उसके नीचे उसका बड़ा भाई निरपत सिंह आ गया। इससे निरपत की मौत हो गई।
–राजीव सक्सेना
भरतपुर जिले के बयाना के अड्डा गांव में ट्रेक्टर से अपने ही भाई को 8 बार कुचलकर मार डालने वाले दामोदर सिंह गुर्जर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दामोदर का कहना है कि उसने जानबूझकर अपने भाई को नहीं मारा। जब वे लोग लड़ाई करके वापस लौट रहे थे तो उनका ट्रेक्टर वहीं खड़ा था। उसने ट्रेक्टर स्टार्ट करके चलाया तो उसका बड़ा भाई निरपत सिंह उसी ट्रेक्टर की चपेट में आ गया। उसे इस बात की बिलकुल भी भनक नहीं थी कि ट्रेक्टर के नीचे उसका भाई है। उससे जो कुछ भी हुआ गलती से हुआ।
Related News:-
राजस्थान: जमीन विवाद में हैवानियत की हद, युवक को ट्रेक्टर से 8 बार कुचल कर मार डाला (वीडियो)
वहीं, विरोधी पक्ष यानि बहादुर सिंह गुर्जर का भी कहना है कि उन लोगों का इस हत्याकांड से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें फंसाने के लिए जानबूझकर दामोदर ने अपने भाई को मारा है। बहादुर गुर्जर के अनुसार 23 अक्टूबर की सुबह अतर सिंह गुर्जर का परिवार उनके घर आ धमका। इस दौरान उनके घर में खूब हंगामा हुआ। लड़ाई के बाद अतर सिंह गुर्जर का परिवार फिर से चला गया।
बहादुर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य उस समय वहां मौजूद नहीं है। यह सब सोची समझी साजिश है। दामोदर ने अपने भाई को सिर्फ इसलिए मार डाला, ताकि हमें फंसा सके, लेकिन वीडियो से सब साफ हो गया है कि उस दौरान हम में से कोई भी वहां मौजूद नहीं है। फिलहाल पुलिस दामोदर से इस मामले में पूछताछ कर रही है। 6 लोगों को पहले ही हिरासत में ले लिया गया है।
बड़ा सवाल है यह
आरोपी दामोदर सिंह ने जो कहा वह अलग बात है, मगर इस पर गम्भीर सवाल उठते हैं। इनके चलते उसकी बात पर विश्वास करना ठीक नहीं लग रहा। दामोदर सिंह आधा झूठ-आधा सच तो कह ही रहा है। साफ माना जा सकता है कि अगर दामोदर सिंह से यह अपराध गलती से हुआ है, अनजाने में उसने अपने सगे बड़े भाई पर ट्रेक्टर चढ़ा दिया तो उसने ट्रेक्टर को बार-बार गियर बदलकर आगे पीछे क्यों किया? वीडियो में साफ दिख रहा है कि उसने अपने भाई पर आठ बार ट्रेक्टर चढ़ाया। इस पर एक नजरिया यह सामने आ रहा है कि दामोदर सिंह को यह बात तो पता थी कि ट्रेक्टर के नीचे कोई है, मगर वह उसे विरोधी पक्ष का सदस्य समझ रहा था। इसलिए उसे पूरी तरह मार देने की नीयत से आठ बार ट्रेक्टर चढ़ाया। दूसरी सोच यह सामने आती है कि आरोपी दामोदर सिंह को सचमुच यह बात मालूम हो कि ट्रेक्टर के नीचे उसका 35 वर्षीय भाई निरपत सिंह ही है। किसी बात को लेकर इन दोनों के बीच रंजिश चली आ रही हो, और उसने इस बात का बदला ले लिया हो। बाकी यह तो सम्भव ही नहीं है कि किसी गाड़ी के नीचे किसी व्यक्ति का शरीर आ जाए और चालक को पता ना चले कि पहियों के नीचे कुछ बड़ी चीज आ रही है। वीडियो में नजर आ रहा है कि जब भी दामोदर सिंह अपने भाई के शरीर पर ट्रेक्टर चढ़ा रहा था तो, ट्रेक्टर के पहिए ऊपर हो रहे थे, ट्रेक्टर एकदम उछलता हुआ सा लग रहा था। दामोदर सिंह लक्ष्य करके ट्रेक्टर आगे पीछे करता नजर आ रहा है। इसलिए यह कहना बिल्कुल सही है कि आरोपी झूठ ही बोल रहा है।
