रेव पार्टी में नोएडा पुलिस की रेड, 5 कोबरा सहित दस सांप व जहर बरामद, बिग बॉस ओटीटी विनर व यू ट्यूबर एल्विश यादव का नाम आया सामने, रिपोर्ट दर्ज, पांच गिरफ्तार
एनसीआई@नोएडा
बिग बॉस विजेता बनकर सुर्खियों में आए यूट्यूबर एल्विश यादव पर बहुत बड़ा आरोप सामने आया है। नोएडा पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला वन्यजीव संरक्षण से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक एल्विश पर तस्करी से लेकर गैर कानूनी तरीके से रेव पार्टी आयोजित कराने का आरोप है। इसके साथ ही वह तस्करी करने वाले लोगों से भी जुड़े थे। एक एनजीओ ने स्टिंग ऑपरेशन कर नोएडा पुलिस में शिकायत दी थी। इसके आधार पर नोएडा पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि एल्विश के द्वारा आयोजित करवाई जाने वाली रेव पार्टियों में विदेशी लड़कियां आती हैं।
सेक्टर-49 में पुलिस की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, नोएडा पुलिस ने सेक्टर 49 में रेड डालकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यहां से 5 कोबरा बरामद हुए हैं। साथ ही सांप का जहर भी मिला है। जब पुलिस ने गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की तो इसमें बिग बॉस विजेता एल्विश यादव का भी नाम सामने आया है। पुलिस ने एल्विश सहित 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

ऐसे सामने आया एल्विश का नाम
एफआईआर की सामने आई कॉपी के अनुसार, एल्विश यादव का नाम भी आरोपियों में दर्ज है। ये एफआईआर पीपल फॉर एनिमल नामक एनजीओ के एनिमल वेलफेयर ऑफिसर गौरव गुप्ता ने दर्ज कराई है। इसकी पूरी कहानी एक शिकायत से शुरू होती है। गौरव गुप्ता के अनुसार नोएडा में इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। ये भी पता चला था कि, यू ट्यूबर एल्विश यादव नोएडा-एनसीआर के फार्म हाउसों में कुछ लोगों के साथ मिलकर स्नेक वेनम व जिंदा सांपों के साथ वीडियो शूट कराता है। इसके साथ ही उसके द्वारा गैर कानूनी रूप से रेव पार्टियों को आयोजित कराने की भी जानकारी मिली थी।
एल्विश ने ही दिया एजेंट का नम्बर
इस सूचना के आधार पर एक मुखबिर ने एल्विश यादव से सम्पर्क किया। इस तरह बात करने पर एल्विश ने राहुल नाम के एक एजेंट का नम्बर दिया और कहा कि, उनका नाम लेकर बात कर लें तो बात हो जाएगी। इसके बाद मुखबिर ने राहुल से सम्पर्क करके पार्टी आयोजित करने के लिए बुलाया।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस को दे दी थी। 2 नवम्बर को आरोपी सेवरोन बैंक्वेट हॉल में सांप लेकर पहुंच गए। उसी दौरान वन विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए 5 लोगों में दिल्ली के राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ शामिल हैं।
छापेमारी में ये सांप हुए बरामद
पुलिस की छापेमारी में स्नेक वेनम, पांच कोबरा, एक अजगर, दो दुमहा सांप, एक घोड़ा पछाड़ सांप बरामद हुआ है। एल्विश यादव सहित छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एल्विश यादव की गिरोह से संलिप्तता की जांच की जा रही है।
